अनन्या पांडे की प्यार पर दो-टूक, बोलीं- हमारी पीढ़ी समझौता नहीं करने वाली, विकल्प बहुत हैं
क्या है खबर?
अभिनेत्री अनन्या पांडे ने हाल ही में 'हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026' के 24वें संस्करण में एक वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी करियर, आज के बॉलीवुड और कई अन्य दिलचस्प मुद्दों पर खुलकर बात की। एक खास बातचीत में अनन्या के सामने शादी और रिश्तों से जुड़ा सवाल भी आया, जिस पर उन्होंने बेहद बेबाकी से अपनी राय रखी। क्या कुछ बोलीं अनन्या, आइए जानते हैं।
विकल्प
"पहले लोगों के पास ना कहने का विकल्प नहीं था"
बातचीत में यह बात उठी कि पुराने दौर के उलट, आज की अभिनेत्रियां अपने रिश्तों पर खुलकर बोलती हैं और करियर के शीर्ष पर भी शादी कर रही हैं।
इस पर अनन्या ने कहा, "मुझे लगता है कि शादी को लेकर ये हिचकिचाहट पहले भी रही होगी, बस तब लोगों के पास 'ना' कहने की आजादी नहीं थी। लेकिन आज की पीढ़ी के पास ऐसे कई उदाहरण हैं, जिन्हें देखकर उनमें 'ना' कहने की हिम्मत आई है।"
विचार
मैं शादी करना और बच्चे चाहती हूं- अनन्या
अनन्या बोलीं, "मेरे लिए ऐसे सवाल का जवाब देना मुश्किल है, क्योंकि मैं बहुत रोमांटिक इंसान हूं। मेरे लिए प्यार ही सब कुछ है। मैं आखिरकार शादी करना चाहूंगी। जिंदगी के किसी पड़ाव पर मैं शादी करना और बच्चे पैदा करना चाहूंगी। मैं अपने आसपास के दोस्तों को भी बिल्कुल ऐसा ही देखती हूं। प्यार के मामले में आज की पीढ़ी के पास पहले से ज्यादा विकल्प हैं, लेकिन प्यार को लेकर उनकी सोच आज भी पहले जैसी ही है।
प्यार
"आज के युवाओं के प्यार को लेकर पैमाने बहुत ऊंचे हैं"
अनन्या ने कहा, "अब हमारे पास बस विकल्प बहुत ज्यादा हो गए हैं। लेकिन इससे यह सच्चाई नहीं बदल जाती कि हम सच्चे प्यार में यकीन करते हैं। हम भी आज उसी सच्चे प्यार की तलाश में हैं। हमारे मन में प्यार को लेकर एक पुरानी और खास भावना है, जिसे शायद हमने खुद कभी महसूस नहीं किया है, इसलिए प्यार को लेकर हमारे पैमाने भी बहुत ऊंचे हैं। हम किसी भी मामूली चीज से समझौता नहीं करने वाले।"
आगामी सीरीज
अब 'कॉल मी बे 2' में नजर आएंगी अनन्या
साल 2026 में अनन्या की सिर्फ एक फिल्म 'चांद मेरा दिल' आई, जिसमें लक्ष्य लालवानी उनके साथ नजर आए। फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, पर ये बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी।
अब अनन्या जल्द ही अमेजन प्राइम वीडियो के अपने हिट शो 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन में दिखेंगी। इशिता मोइत्रा के इस शो में श्रुति हासन, वीर दास, गुरफतेह पीरजादा और वरुण सूद भी अहम भूमिकाओं में हैं। ये शो 17 दिसंबर को रिलीज होगा।