अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
क्या है खबर?
बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन का मुंबई स्थित बंगला जलसा और मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ के महालक्ष्मी कॉन्सर्ट वेन्यू को बम से उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया है। फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, DCP मनीष कलवानिया ने बताया कि यह धमकी BMC को एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी। यही नहीं, ईमेल में दादर के स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी शामिल थी। हालांकि, जांच करने के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
धमकी
अमिताभ के बंगले को बताया गया निशाना
NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई मेयर रितु तावड़े को एक धमकी वाला ईमेल भेजा गया, जिसमें अमिताभ का जुहू स्थित बंगला जलसा को निशाना बताया गया है।
भेजने वाले ने दावा किया कि यह हमला 1984 के 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' का बदला होगा। 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी बंगले को निशाना बनाया जा सकता है।
इसी धमकी में दिलजीत के महालक्ष्मी कॉन्सर्ट वेन्यू को बम से उड़ाने का जिक्र भी हैं।
जांच
ईमेल मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
दिलजीत को मिली धमकी का कारण उनके द्वारा अमिताभ के पैर छूने की घटना को बताया गया है।
बता दें कि 27 नवंबर, 2026 को गायक का कॉन्सर्ट मुंबई में होने वाला है। धमकी में लिखा है कि इसी दिन दिलजीत को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम और आत्मघाती हमले में मारना है।
हालांकि, पुलिस को जांच करने पर कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। यह भी नहीं पता चला है कि धमकियों के पीछे कौन है।