धनुष के सबसे बड़े फैन निकले अमिताभ बच्चन, बोले- उनके साथ काम करना मेरी खुशकिस्मती
क्या है खबर?
'कौन बनेगा करोड़पति' के हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन की मुलाकात एक ऐसे प्रतियोगी से हुई, जो अभिनेता धनुष का बहुत बड़ा फैन है। ये सुनकर अमिताभ ने 2015 में आई फिल्म 'शमिताभ' में धनुष संग काम करने के दिनों को याद किया। महानायक ने खुलासा किया कि वो खुद भी धनुष के बड़े प्रशंसक हैं और उनकी एक्टिंग व डांसिंग की जमकर तारीफ की। शो के निर्माताओं ने हालिया प्रोमो वीडियो में उनकी इस बातचीत की झलक दिखाई है।
बातचीत
'KBC' प्रतियोगी को अमिताभ से हुई जलन
अमिताभ ने प्रतियोगी से कहा, "आपने कहा कि आप धनुष के बहुत बड़े फैन हैं तो आपमें और मुझमें एक बात कॉमन है। मैं भी उनका बहुत बड़ा फैन हूं।" जब प्रतियोगी ने स्वीकार किया कि उन्हें अमिताभ से जलन होती है, क्योंकि उन्हें धनुष से मिलने और साथ काम करने का मौका मिला। इस पर मजाकिया अंदाज में बिग बी ने कहा कि वो धनुष से बात जरूर करेंगे, लेकिन प्रतियोगी को उनका फोन नंबर नहीं देंगे।
सराहना
धनुष की प्रतिभा के कायल हुए अमिताभ
अमिताभ ने धनुष के साथ काम करने और स्क्रीन शेयर करने के अवसर को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि धनुष से मिलने से पहले उन्होंने उनके बारे में काफी कुछ सुना था, लेकिन उन्हें करीब से अभिनय करते देखने के बाद वह उनकी प्रतिभा के कायल हो गए।
बिग बी ने आगे कहा, "सच कहूं तो वह एक असाधारण कलाकार हैं। उन्हें कोई भी भूमिका निभाने के लिए दे दें, वो पूरी तरह से उसमें डूब जाते हैं।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए प्रोमो
Amitabh Bachchan sir about Dhanush ❤️❤️❤️ #OM pic.twitter.com/bT3Ku3ISUf
— `ʙᴀʙᴜ`G (@babu22012001) November 19, 2026
तारीफ
अमिताभ ने की धनुष के डांस और अभिनय की तारीफ
अमिताभ ने कहा, "धनुष बहुत अच्छे डांसर भी हैं। मुझे उनके साथ फिल्म 'शमिताभ' में काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात थी। मैंने उनके बारे में काफी कुछ सुना था और उन्हें थोड़ा-बहुत जानता भी था, लेकिन फिर मैं उनसे मिला, उनके साथ काम किया और उनका काम करीब से देखा। वाकई वो एक असाधारण कलाकार हैं।"
आर बाल्की के निर्देशन में बनी फिल्म 'शमिताभ' साल 2015 में रिलीज हुई थी।
फिल्में
अब 'ओम: चैप्टर 1' से धमाल मचाने को तैयार धनुष
धनुष के लिए पिछला साल काफी व्यस्त रहा। 2025 में उन्होंने अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम किया, जिनमें शेखर कम्मुला की 'कुबेर', कृति सैनन संग आनंद एल राय की 'तेरे इश्क में' और खुद उनके निर्देशन में बनी 'इडली कढ़ाई' शामिल हैं।
साल 2026 में धनुष तमिल थ्रिलर 'कारा' में दिखे। अब वो 'ओम: चैप्टर 1' लेकर चर्चा में हैं। ममूटी, साई पल्लवी और नसीरुद्दीन शाह जैसे सितारों से सजी ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है।