अमिताभ बच्चन नहीं ले पाते 7 घंटे की नींद, मन को शांत करने के लिए सुनते हैं खास धुनें
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपनी जीवनशैली से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। बिग बी ने बताया कि काम की व्यस्तता के कारण वे अक्सर रात भर जागते हैं। हालांकि, डॉक्टर उन्हें कम से कम 7 घंटे की नींद लेने की सलाह देते हैं, लेकिन उनके लिए काम सबसे पहले है।
खुद को तनाव से दूर रखने और सुकून पाने के लिए अमिताभ एक खास तरीका अपनाते हैं। जब वो बहुत थक जाते हैं तो मन को शांत करने के लिए सितार और स्लाइड गिटार जैसे वाद्य यंत्रों का संगीत सुनते हैं। वे इन धुनों को आत्मा को छूने वाला शास्त्रीय मेडिटेशन" मानते हैं, जो उनके दिमाग को शांत कर उन्हें गहरी नींद लाने में मदद करती हैं।
अमिताभ को विशेषज्ञों की चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि नींद पूरी न होने से चिड़चिड़ापन, कमजोर याददाश्त और बीमारी से लड़ने की ताकत कम हो सकती है। मनोवैज्ञानिक रश्मि गुर्णानी के अनुसार, दिमाग को शांत रखने और सही फैसले लेने के लिए गहरी नींद बहुत जरूरी है।
नींद की कमी से तनाव, थकान और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, इसलिए भले ही अमिताभ बच्चन संगीत से सुकून पाते हों, लेकिन शरीर को स्वस्थ रखने के लिए भरपूर आराम करना सबसे जरूरी है।