अमिताभ बच्चन के 'जलसा' को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मेयर ऑफिस भी निशाने पर
क्या है खबर?
मुंबई में एक बार फिर बम की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। नगर निगम (BMC) को एक ईमेल मिला है, जिसमें अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और मुंबई मेयर के दफ्तर का भी जिक्र किया गया है। ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी में बताए गए सभी ठिकानों की सुरक्षा जांच की जा रही है और साथ ही ईमेल भेजने वाले का भी पता लगाया जा रहा है।
धमकी
अक्टूबर से अब तक चौथी बार मिल चुकी धमकी
मुंबई में मिले नए धमकी भरे ईमेल में अमिताभ के जुहू स्थित बंगले 'जलसा', मेयर ऑफिस और अन्य सार्वजनिक जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
अक्टूबर से अब तक जलसा को बम से उड़ाने की ऐसी 3 धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। इससे पहले 23 अक्टूबर, 6 नवंबर और 12 नवंबर को भी धमकी भरे ईमेल आए थे, हालांकि पिछली जांचों में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस नए ईमेल की गंभीरता से जांच कर रही है।
चेतावनी
मुंबई में 26/11 जैसे हमले की चेतावनी
ये धमकी साल 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के दिन सामने आई है।
ईमेल में जिक्र किए गए कुछ ठिकाने हाल के हफ्तों में मिली पिछली धमकियों में भी आ चुके हैं, जिनमें 'जलसा' और BMC मुख्यालय स्थित मुंबई मेयर का दफ्तर शामिल हैं।
ईमेल में साल 1984 के सिख विरोधी दंगों का संदर्भ देते हुए 26/11 जैसे हमले की चेतावनी दी गई है। फिलहाल धमकी और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आगे के ब्योरे का इंतजार है।
ईमेल
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले मुंबई में धमकी भरा ईमेल
धमकी भरा ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि अलग-अलग मेट्रो ट्रेनों में विस्फोटक से भरे बैग रखे गए हैं।
उसने 27 नवंबर से 31 दिसंबर तक लोगों को मेट्रो में सफर न करने की चेतावनी दी।
पुलिस के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र भी था। इसमें दो संगठनों के नाम भी लिखे थे। दिलजीत दोसांझ के शुक्रवार को होने वाले कॉन्सर्ट के चलते सुरक्षा बढ़ा दी गई है।