अमिताभ बच्चन 'शोले' के ऐतिहासिक इटली प्रीमियर पर बोले- सुबह 3 बजे तक जमी रही भीड़
क्या है खबर?
पिछले साल जून में भारतीय सिनेमा की कालजयी फिल्म 'शोले' के 50 साल पूरे होने के मौके पर इटली के बोलोनिया शहर में इसके रीस्टोर्ड वर्जन का भव्य वर्ल्ड प्रीमियर रखा गया था। इस खास स्क्रीनिंग में आधी रात से सुबह 3 बजे तक करीब 2,000 इतालवी दर्शक फिल्म देखने के लिए डटे रहे। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के इस ऐतिहासिक पल पर अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच से अपनी खुशी और बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया है।
प्रीमियर
'KBC' में अमिताभ ने किया 'शोले' के प्रीमियर को याद
'कौन बनेगा करोड़पति 18' के हालिया एपिसोड में डॉ गणेश बरैया से बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन अपनी 1975 की क्लासिक फिल्म 'शोले' को लेकर भावुक नजर आए।
उन्होंने फिल्म के नए रीस्टोर्ड वर्जन और इटली में मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया का जिक्र किया। बिग बी ने बताया कि 'शोले' के 50 साल पूरे होने के जश्न में 27 जून, 2025 को इटली के बोलोनिया शहर के ऐतिहासिक सेंट्रल स्क्वायर पर इसका वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जहां दर्शकों का उत्साह अद्भुत था।
खुलासा
2,000 इतालवी दर्शकों ने रात 11 से सुबह 3 बजे तक देखी फिल्म
83 वर्षीय महानायक ने कहा, "फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के शिवेंद्र सिंह ने 'शोले' के नए और साफ प्रिंट तैयार किए। इसके बाद वो इस फिल्म को इटली ले गए। भाई साहब.... बोलोनिया शहर के एक बड़े चौक (आंगन) में लगभग 2,000 इतालवी दर्शकों ने रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक बैठकर पूरी फिल्म देखी।"
'शोले' 15 अगस्त, 1975 को सिनेमाघरों में आई थी, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में से एक साबित हुई।
यादें
'KBC' के मंच पर बिग बी ने याद की धर्मेंद्र की सादगी
अमिताभ ने शो में फिल्म 'शोले' में उनके सह-कलाकार धर्मेंद्र की दरियादिली का किस्सा भी साझा किया।
उन्होंने बताया कि धरम जी का घर हमेशा खुला रहता था। एक दिन घर लौटते समय उन्हें सीढ़ियों पर 4-5 अनजान लोग दिखे। पूछने पर उन्होंने कहा कि वे गांव से आए हैं, जिसके बाद धर्मेंद्र ने मुस्कुराकर उनका स्वागत किया।बिग बी बोले, "उनका दिल इतना बड़ा था कि उन्हें खबर भी नहीं होती थी कि घर में कौन आ-जा रहा है।"