LOADING...
अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें निकलीं फर्जी, सामने आया सेहत का सच
अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर निकली अफवाह

अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें निकलीं फर्जी, सामने आया सेहत का सच

May 20, 2026
09:27 am

क्या है खबर?

मंगलवार की रात सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की अफवाह ने फैंस की सांसें अटका दीं। हर कोई उनकी सलामती की दुआ करने लगा। हालांकि, अब ये साफ हो गया है कि यह खबर पूरी तरह झूठी है। बिग बी शनिवार को मुंबई के नानावती अस्पताल सिर्फ नियमित जांच के लिए गए थे और वो बिल्कुल ठीक हैं। क्या दावा किया गया था, आइए जानते हैं।

दावा

क्या था वो दावा, जिसने बढ़ा दी थी प्रशंसकों की धड़कनें?

दरअसल, पत्रकार विक्की लालवानी ने दावा किया था कि अमिताभ बच्चन पेट से जुड़ी दिक्कतों के चलते शनिवार, 16 मई से अस्पताल के ए-विंग VIP वार्ड में भर्ती हैं। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि फिल्म 'कुली' के साथ पर हुई दुर्घटना के बाद से ही बिग बी को पेट की तकलीफें रही हैं। ये भी बताया गया कि उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे, जिसने आग में घी डालने का काम किया।

सच

अफवाहों पर यूं लगा विराम

उधर ईटाइम्स को एक सूत्र ने बताया, "बच्चन साहब शनिवार को नानावती अस्पताल जरूर गए थे, लेकिन वो महज एक रूटीन चेक-अप था, जो वो हर महीने करवाते हैं। इसके बाद वो तुरंत घर लौट आए थे।" सूत्र ने आगे कहा, "अस्पताल में भर्ती होने की खबर पूरी तरह झूठी है। वो एकदम भले-चंगे हैं। अगले ही दिन उन्हें 'जलसा' से 'जनक' तक खुद अपनी कार चलाकर जाते हुए देखा गया। अमिताभी इस वक्त आराम से अपने घर पर हैं।"

Advertisement

पोस्ट

चर्चा में अमिताभ का पोस्ट

दूसरी ओर अमिताभ ने बुधवार रात 12 बजकर 19 मिनट पर अपने ब्लॉग पर एक कविता लिखी, 'चील जब होवे शांत तो भैया, तोते बोलन सुरु करें... इर बीर फत्ते, कहन, चल हमऊ, पिलावे सुरु करें। बाजरे दी रोटी खा दी, फू पड़ियों दा, साग रे।' उनका मतलब था कि जब वो शांत होते हैं तो लोग फालतू बयानबाजी शुरू कर देते हैं, जबकि सच ये है कि वो घर पर बाजरे की रोटी और साग खाकर मजे में हैं।

Advertisement

आभार

अमिताभ ने जताया प्रशंसकों का आभार

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर कुछ तस्वीरें साझा कर फैंस के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा, 'जब मैं घर से शुभचिंतकों से मिलने बाहर निकलता हूं तो मन में एक डर होता है कि क्या लोग वहां होंगे? क्या वे मेरा स्वागत करेंगे? लेकिन जब मैं उनकी चीखें सुनता हूं तो मुझमें एक नई ऊर्जा आ जाती है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों को खुश देखना एक आशीर्वाद की तरह है। सृष्टि के विधाता को मेरा चरण स्पर्श और साष्टांग प्रणाम।'

आगामी फिल्में

इन फिल्मों में दिखेंगे अमिताभ

काम के मोर्चे पर बात करें तो अमिताभ इस समय ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं। सीक्वल में उनकी भूमिका पहले से भी कहीं ज्यादा दमदार होने वाली है। इसके अलावा वो जल्द ही रिभु दासगुप्ता के निर्देशन में बनी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'सेक्शन 84' में भी नजर आएंगे। हाल ही में उन्होंने अपने मशहूर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) का 17वां सीजन भी खत्म किया है।

Advertisement