'कौन बनेगा करोड़पति' से अमिताभ बच्चन का मन भरा? 'संन्यास चाहता हूं' कहकर मचाई हलचल
अमिताभ बच्चन ने बताया है कि इस साल 'कौन बनेगा करोड़पति' की मेजबानी करना उनके लिए काफी मुश्किल भरा रहा है। इसकी वजह है प्रतियोगियों की ऐसी सच्ची और दिल को छू लेने वाली कहानियां, जो उन्हें बहुत परेशान करती हैं।
उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, "लेकिन यह दिल तोड़ने वाला अनुभव रहा है। मैं अब संन्यास लेना चाहता हूं। बहुत देर हो चुकी है। रात बुला रही है... प्यार।"
उनके इन शब्दों से साफ पता चलता है कि इस शो का उन पर कितना गहरा भावनात्मक असर हुआ है।
अमिताभ के 'KBC' सफर को लेकर अनिश्चितता
अमिताभ साल 2000 से 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) से जुड़े हुए हैं। शाहरुख खान ने सिर्फ एक सीजन होस्ट किया था, उसे छोड़ दें तो अमिताभ ही इस शो का चेहरा रहे हैं।
उनके बिना फैंस इस शो की कल्पना भी नहीं कर सकते। पिछले साल सलमान खान के शो को होस्ट करने की खबरें खूब उड़ी थीं।
हालांकि, सोनी टीवी ने अमिताभ के साथ ही प्रोमो जारी कर इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया था। अगर अमिताभ यह शो छोड़ते हैं, तो यकीनन यह भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक बहुत बड़ा बदलाव होगा।