'बायकॉट मालदीव' मुहिम का हिस्सा बने अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह से हो गई ये चूक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लक्षद्वीप का दौरा किया और भारत के अद्भुत हिस्से से अभिभूत होकर उन्होंने देशवासियों से वहां जाने की अपील की। हालांकि, मालदीव के कुछ राजनीतिक नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया और आपत्तिजनक टिप्पणी भी की, जिससे विवाद खड़ा हो गया है। लिहाजा सोशल मीडिया पर बायकॉट मालदीव ट्रेंड कर रहा है। कई बॉलीवुड सितारे भी इस मुहिम से जुड़ गए हैं, जिनमें अब अमिताभ बच्चन और रणवीर सिंह भी शामिल हो गए हैं।
सहवाग के पोस्ट पर अमिताभ ने दी प्रतिक्रिया
अमिताभ ने सोशल मीडिया पर लोगों को भारतीय द्वीपों का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। सहवाग ने लक्षद्वीप की कई सुंदर तस्वीरें साझा करते हुए वहां की खूबसूरती का बखान किया था। इतना ही नहीं पूर्व क्रिकेटर ने मालदीव के मंत्रियों द्वारा हमारे देश और प्रधानमंत्री पर किए गए कटाक्ष को अज्ञात स्थानों की तरफ देशवासियों का ध्यान आकर्षित करने का एक शानदार अवसर बताया।
अमिताभ ने किया ये पोस्ट
सहवाग के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बिग बी ने कहा, "वीरू पाजी .. यह बहुत प्रासंगिक है और हमारी भूमि के लिए सही है .. हमारे अपने सबसे अच्छे हैं .. मैं लक्षद्वीप और अंडमान गया हूं और ये आश्चर्यजनक रूप से सुंदर स्थान हैं .. आश्चर्यजनक पानी के समुद्र तट और पानी के नीचे का अनुभव बिल्कुल अविश्वसनीय है .. हम भारत हैं, हम आत्मनिर्भर हैं, हमारी आत्मनिर्भरता पर आंचल मत डालिए जय हिंद।"
यहां देखें पोस्ट:
रणवीर से हुई बड़ी भूल
रणवीर सिंह 'विजिट लक्षद्वीप अभियान' में शामिल होने वाली कई बॉलीवुड हस्तियों में से एक बन गए हैं। हालांकि, गलती से उन्होंने अपने नोट के साथ मालदीव की तस्वीर साझा कर दी थीं। इस भूल का पता लगते ही उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी। उन्होंने लिखा, 'आइए 2024 में भारत की खोज और हमारी संस्कृति का अनुभव करें। हमारे देश के समुद्र तटों और सुंदरता को देखने और तलाशने के लिए बहुत कुछ है...चलो इंडिया आइए #एक्सप्लोरइंडियनआइलैंड्स चलो भारत देखें।'
रणवीर की उड़ी खिल्ली
रणवीर के पोस्ट डिलीट करने के बाद भी बहुत से यूजर्स ने पोस्ट देख लिया। जहां कुछ यूजर्स ने भारतीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अभिनेता की सराहना की, वहीं कुछ ने मालदीव की तस्वीर साझा करने पर उन्हें ट्रोल किया। रणवीर ने पुराना पोस्ट हटाने के बाद बिना किसी तस्वीर के एक नया पोस्ट साझा किया। बता दें कि अभिनेता और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण भी मालदीव घूमने वाले सितारों में शामिल हैं।
यहां देखें रणवीर का पोस्ट:
क्यों खड़ा हुआ विवाद?
मालदीव की प्रोग्रेसिव पार्टी के काउंसिल सदस्य जाहिद रमीज ने प्रधानमंत्री की लक्षद्वीप यात्रा का मजाक उड़ाया था। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि भारत कभी भी पर्यटन के मामले में मालदीव के साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएगा। ऐसे में इसके बाद कई बॉलीवुड हस्तियों ने लक्षद्वीप की प्रशंसा की और लोगों से वहां जाने की भी अपील की है। इन सितारों में श्रद्धा कपूर, वरुण धवन, सलमान खान, अक्षय कुमार और कंगना रनौत जैसे सितारे शामिल हैं।