'काला हिरण' फिल्म पर बवाल, सलमान की नोटिस के बाद निर्माता को मिलीं 1,000 से ज्यादा जानलेवा धमकियां
फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लीगेसी' बना रहे अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें 1,000 से भी ज्यादा जान से मारने की धमकियां मिली हैं।
ये धमकियां तब आनी शुरू हुईं जब सलमान खान की टीम ने उन्हें फिल्म बनाने से रोकने के लिए कानूनी नोटिस भेजा।
इसके जवाब में, अमित ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने उस कानूनी नोटिस को फाड़ दिया। अमित का आरोप है कि सलमान के प्रशंसक उन्हें सुनियोजित तरीके से परेशान कर रहे हैं।
सलमान के वकील कहते हैं फिल्म अधिकारों का उल्लंघन करती है
अमित ने बताया कि उन्हें मुंबई के धारावी और जोगेश्वरी जैसे इलाकों से लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि कानूनी नोटिस के बाद, अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ लोग उनके परिवार को भी निशाना बना रहे हैं।
उनकी फिल्म 'काला हिरण' एक कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर का दिलचस्प मेल है। यह फिल्म काले हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ सलमान की कथित दुश्मनी को दर्शाती है।
वहीं, सलमान के वकीलों का कहना है कि यह फिल्म उनके निजी अधिकारों का उल्लंघन करती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह मामला अभी राजस्थान हाई कोर्ट में विचाराधीन है।