'नाजा' पर बवाल से मचा हंगामा, निर्माताओं की नागरिकता पर खतरे के बीच 1500+ फिल्मकार हुए एकजुट
डॉक्यूमेंट्री 'नाजा' बनाने वाले युवाल अब्राहम और राहेल सजोर के समर्थन में 1,500 से ज्यादा इजरायली फिल्मकारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने एक याचिका पर दस्तखत किए हैं।
इस फिल्म ने देश में एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। संस्कृति मंत्री मिकी जोहर ने तो यहां तक कह दिया था कि वे इन दोनों की नागरिकता रद्द करने की कोशिश करेंगे और उन्होंने फिल्म को 'राज्य के खिलाफ देशद्रोह' बताया था।
इस याचिका में इन धमकियों का कड़ा विरोध किया गया है और निर्माताओं के अपनी कहानी पेश करने के अधिकार का समर्थन किया गया है।
'नाजा' ने छेड़ी जांच, वेनिस में जीता पुरस्कार
'नाजा' में 24 इजरायली सेना और खुफिया अधिकारियों के गाजा अभियानों से जुड़े बयानों को दिखाया गया है। इसी वजह से प्रधानमंत्री नेतन्याहू जैसे कई अधिकारियों ने इसकी कड़ी आलोचना की थी।
फिल्म से जानकारी लीक होने की आशंका पर सैन्य जांच भी शुरू हुई। इन सब विरोध के बावजूद, फिल्म को वेनिस में प्रीमियर के दौरान 24 मिनट तक खड़े होकर तालियां मिलीं और इसने स्पेशल जूरी प्राइस भी जीता।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों ने भी युवाल और राहेल के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने इजरायल में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कलात्मक आजादी को लेकर चल रही बहस पर भी ध्यान दिलाया है।