LOADING...
अमाल मलिक का 60 फिल्मों से कटा पत्ता, बोले- बॉलीवुड के दिग्गजों ने खेला गंदा खेल
बॉलीवुड गैंग पर भड़के अमाल मलिक

अमाल मलिक का 60 फिल्मों से कटा पत्ता, बोले- बॉलीवुड के दिग्गजों ने खेला गंदा खेल

May 20, 2026
02:31 pm

क्या है खबर?

मशहूर संगीत निर्देशक डब्बू मलिक के बेटे और अनु मलिक के भतीजे गायक अमाल मलिक ने हाल ही में बॉलीवुड पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सीधेतौर पर आरोप लगाया है कि बॉलीवुड के कुछ बहुत बड़े और प्रभावशाली लोगों ने मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची और उन्हें 1 या 2 नहीं, बल्कि पूरे 60 फिल्मों से बाहर निकलवा दिया। फिल्म खानदान से ताल्लुक रखने वाले अमाल ने इंडस्ट्री के भाई-भतीजावाद पर तीखा तंज कसा। आइए जानें क्या कुछ बोले अमाल।

खुलासा

वहां काम करता तो खुद की इज्ज्त नहीं कर पाता- अमाल

अमाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक लंबा नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, 'बॉलीवुड के ताकतवर लोगों ने मुझे 60 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स से बाहर निकलवा दिया है। 20 फिल्में तो ऐसी थीं, जिन्हें मैंने खुद ही मना कर दिया, क्योंकि उन सेटअप्स में काम करना मेरे स्तर से नीचे था। अगर मैं वहां काम करता तो मेरे अंदर का संगीतकार खुद की नजरों में अपनी इज्जत नहीं कर पाता। फिर भी मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की।'

हकीकत

अमाल ने लिखा- मैं बॉलीवुड का सच छुपा नहीं पाता

अमाल ने लिखा, 'मैं अपने फैंस के लिए संगीत बनाने और वीडियो शूट करने की हमेशा पूरी कोशिश करता रहूंगा। मुझे इसका कोई पछतावा नहीं, नुकसान उनका ही है, लेकिन ये मेरे फैंस का नुकसान बन जाता है और मुझे उस बात का दुख है, पर मुझे आप सबके सामने ये बात साफ करनी थी। इसके अलावा मेरी एक और कमी है कि मैं इस जगह (बॉलीवुड) और इसके काम करने के तरीकों के बारे में सच नहीं छिपा पाता।'

Advertisement

निशाना

बॉलीवुड गैंग पर अमाल का बड़ा हमला

अमाल आगे लिखते हैं, 'मेरी यही आदत उन्हें और ज्यादा चिढ़ा देती है, जिसकी वजह से मुझे और मेरे परिवार को बिना वजह की धमकियां दी जाती हैं। यहां कुछ शक्तिशाली लोगों का एक ग्रुप है, जो नहीं चाहते कि मैं फिल्मों का हिस्सा बनूं और अब ये बात सिर्फ म्यूज़िक लेबल्स तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे भी आगे निकल चुकी है। ये घमंडी इंसानों का एक मिला-जुला सिंडिकेट है, जो मिलकर काम कर रहा है।'

Advertisement

करारा जवाब

करियर बर्बाद करने वालों को अमाल ने दी खुली चेतावनी

अमाल ने कहा कि एक दिन वो अपना करियर बर्बाद करने वालों का करारा जवाब देंगे। इंडस्ट्री में गंदी राजनीति का आरोप लगाते हुए अमाल ने लिखा, 'मैं आज उनका नाम नहीं लूंगा, लेकिन उनका भी समय आएगा और भगवान उन्हें उनकी सही जगह दिखाएगा। ये सभी लोग पिछले लगभग 8 सालों से ऐसी राजनीति खेल रहे हैं, जिसे कोई अवॉर्ड मिलना चाहिए और यही वजह है कि फिल्मों में आपको मेरा संगीत अब कम सुनने को मिलता है।'

सफरनामा

अमाल मलिक के करियर पर एक नजर

अमाल ने साल 2014 में सलमान खान की फिल्म 'जय हो' से बतौर संगीतकार बॉलीवुड में कदम रखा था, लेकिन उन्हें असली पहचान 2015 में आई फिल्म 'रॉय' के सुपरहिट गाने 'सूरज डूबा है' से मिली। इसके बाद उन्होंने 'हीरो', 'एयरलिफ्ट', 'कपूर एंड सन्स', 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी', 'कबीर सिंह' और 'वेदा' जैसी कई फिल्मों के लिए शानदार संगीत तैयार किया। संगीत देने के साथ-साथ अमाल ने अपने बनाए कई गानों में बतौर प्लेबैक सिंगर अपनी आवाज भी दी।

Advertisement