बॉक्स ऑफिस पर अल्लू अर्जुन का जलवा, 4K में दोबारा रिलीज हुई 'हैप्पी' ने केरल में बनाया रिकॉर्ड
अल्लू अर्जुन की 2006 में आई फिल्म 'हैप्पी' अब 4K क्वालिटी में दोबारा रिलीज हुई है। केरल में इसने पहले ही दिन 27-30 लाख रुपये कमाकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस साल केरल में रिलीज हुई किसी भी तेलुगू फिल्म के लिए ये अब तक की सबसे ज्यादा ओपनिंग कमाई है। कोझिकोड, कोच्चि और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में फिल्म देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस बात से पता चलता है कि पुरानी और पसंदीदा फिल्में आज भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का पूरा दम रखती हैं।
'हैप्पी' की री-रिलीज से गदगद प्रशंसक
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रशंसकों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'थिएटर में खूब मनाेरंजन हो रहा है, 'मनोलु' वाले पुराने दृश्यों ने फिर से पुरानी यादें ताजा कर दी हैं और माहौल तो बस कमाल का है।' हर कोई 20 साल पुरानी इस क्लासिक फिल्म को दोबारा देखने के अनुभव को खूब पसंद कर रहा है। कई रात वाले शोज के टिकट तो पूरी तरह हाउसफुल रहे, जिससे पता चलता है कि 'हैप्पी' की फैन फॉलोइंग आज भी वैसी ही दमदार है। ए करुणाकरण के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अल्लू अर्जुन और जेनेलिया मुख्य किरदारों में थे और इसका संगीत युवन शंकर राजा ने दिया था।