यशराज फिल्म्स की 'अल्फा' में आलिया भट्ट का 'किलर' रूप, बदलेंगी नायक की परिभाषा
आलिया भट्ट यशराज फिल्म्स (YRF) की नई एक्शन थ्रिलर 'अल्फा' में एक हत्यारे का किरदार निभाती दिखेंगी। शिव रावल इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। इसमें शरवरी वाघ, खलनायक की भूमिका में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। ये फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
आलिया बनेंगी 'अल्फा किलर'
आलिया भट्ट का किरदार कोई सामान्य जासूस नहीं है। वो एक 'अल्फा किलर' है, जो अपने ही नियमों पर चलती है और नायक के तयशुदा ढर्रे से हटकर है। YRF के लिए इसे एक नई शुरुआत माना जा रहा है, क्योंकि YRF प्रमुख आदित्य चोपड़ा इस फिल्म से एक अलग तरह का नायक पेश करना चाहते हैं। फिल्म से जुड़े एक प्रवक्ता के मुताबिक, सभी को 'अल्फा' के पहले लुक का बेसब्री से इंतजार करना चाहिए। उम्मीद है कि फिल्म में जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा और ये नायक होने के मायने क्या होते हैं, उसे एक नया मोड़ देगी।