'तुम्बाड 2' में कैमियो तक सीमित नहीं होगा आलिया भट्ट का किरदार, आखिर क्या है योजना?
क्या है खबर?
सोहम शाह की फिल्म 'तुम्बाड 2' अपने भव्य निर्माण को लेकर न सिर्फ लोगों का ध्यान खींच रही है, बल्कि उनकी उत्सुकता भी बढ़ा रही है। पहले नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इस सीक्वल का हिस्सा बनकर चर्चा बटोरी। अब आलिया भट्ट के इसमें शामिल होने की खबर ने लोगों का उत्साह सांतवें आसमान पर पहुंचा दिया है। पिछले दिनों खबर थी कि अभिनेत्री इसमें कैमियो करेंगी, लेकिन ताजा अपडेट है कि उनका किरदार ज्यादा लंबा होगा जो तीसरी किस्त तक जाएगा।
क्लाइमेक्स
'तुम्बाड 2' के क्लाइमेक्स में ट्विस्ट लाएंगी आलिया भट्ट
पिंकविला के मुताबिक, आलिया ने 'तुम्बाड 2' की शूटिंग शुरू कर दी है। उनका किरदार फिल्म में अहम भूमिका निभाएगा और क्लाइमेक्स में बड़ा ट्विस्ट लाएगा। परियोजना से जुड़े सूत्र ने कहा, "आलिया की 'तुम्बाड 2' में दमदार भूमिका है। हालांकि इसकी शूटिंग 20 दिनों की है, लेकिन उनका किरदार बेहद महत्वपूर्ण है और तीसरी फिल्म की घटनाओं की नींव रखता है।" मतलब यह कि आलिया के किरदार की कहानी 'तुम्बाड 3' में भी जारी रहेगी।
हामी
आलिया ने 'तुम्बाड 2' के लिए तुरंत भर दी हामी
आलिया के 'तुम्बाड 2' में शामिल होने को लेकर सूत्र ने कहा, "उन्हें स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई और उन्होंने बिना सोचे-समझे हां कर दी।" दरअसल, 2018 में आई 'तुम्बाड' के सीक्वल की स्क्रिप्ट पहले भाग से कहीं बेहतर है, जिसका निर्माण सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज मिलकर लगभग 100 करोड़ रुपये के बजट में कर रहे हैं। इसके निर्देशन की कमान आदेश प्रसाद ने संभाली है। बता दें, 'तुम्बाड 2' को दिसंबर, 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।