बॉक्स ऑफिस पर 2 हफ्ते तक अकेले राज करेंगी आलिया-शरवरी, यशराज ने खोजा कमाई का पैंतरा
क्या है खबर?
यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाय यूनिवर्स की पहली महिला लीड एक्शन फिल्म 'अल्फा' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज तारीख को निर्माताओं ने समय से पहले कर दिया है। फैंस जो इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनके लिए ये किसी खुशखबरी से कम नहीं है, क्योंकि अब आलिया और शरवरी का धमाकेदार एक्शन अवतार सिनेमाघरों में तय समय से पहले देखने को मिलेगा।
रणनीति
फिल्म के लिए निर्माताओं की बड़ी चाल
YRF की स्पाय थ्रिलर 'अल्फा' के रिलीज प्लान में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने की खबर है। हालांकि, इस बार फिल्म की रिलीज आगे बढ़ने के बजाय पहले खिसक रही है। दरअसल, निर्माता बॉक्स ऑफिस पर बिना किसी रुकावट के लंबा और शानदार रन हासिल करने के लिए फिल्म की रिलीज तारीख को 10 जुलाई से पहले करके 3 जुलाई, 2026 करने की रणनीति बना रहे हैं। 'अल्फा' YRF स्पाय यूनिवर्स की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है।
टकराव
बड़ी फिल्मों की भीड़ से बचने के लिए यशराज ने बदला प्लान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशराज फिल्म्स जुलाई के महीने में बॉक्स ऑफिस पर होने वाली बड़ी फिल्मों की टक्कर (भीड़-भाड़) से बचना चाहता है। दूसरी बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट में हुए बदलावों को देखते हुए स्टूडियो अब 3 जुलाई की तारीख पर विचार कर रहा है। इस फैसले से 'अल्फा' को अजय देवगन की 'धमाल 4' और क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' के आने से पहले सिनेमाघरों में बिना किसी मुकाबले के शानदार रन मिल जाएगा।
चयन
बॉक्स ऑफिस पर खुलकर खेलने के लिए चुनी ये खास तारीख
फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा 3 जुलाई को कमाई के लिहाज से एक बहुत मजबूत मौका मान रहे हैं, जिससे फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खुलकर खेलने के लिए लगभग हफ्ते का समय मिल सकता है। यशराज फिल्म्स (YRF) के लिए 'अल्फा' बेहद खास और महत्वपूर्ण फिल्म है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इसे ब्लॉकबस्टर 'YRF स्पाय यूनिवर्स' की पहली ऐसी फिल्म के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसकी कमान पूरी तरह से महिला किरदारो के हाथों में है।
बदलाव
कई बार बदल चुकी फिल्म की रिलीज
'अल्फा' की रिलीज तारीख में पिछले 2 सालों में कई बार बदलाव देखने को मिले हैं। पहले इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी, जिसके बाद इसे अप्रैल 2026 और फिर बाद में 10 जुलाई के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। आलिया इसमें एक खतरनाक किलर के अवतार में दिखेंगी। आलिया-शरवरी को इतने बड़े पैमाने की एक्शन फिल्म को लीड करते देखने के लिए फैंस के बीच भारी उत्सुकता है। बॉबी देओल फिल्म में विलेन बने हैं।