आलिया भट्ट का ट्रोल्स को करारा जवाब, बोलीं- परेशानी का 'प' भी हमारी जिंदगी में नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अभिनेता और अपने पति रणबीर कपूर के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी और सोशल मीडिया पर होने वाली लगातार ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ी है। अक्सर इंटरनेट पर आलिया के पति रणबीर कपूर के व्यवहार और उनकी शादी को लेकर होने वाले दावों पर आलिया ने साफ कहा कि बाहरी दुनिया का ये शोर उन तक नहीं पहुंचता। एक हालिया इंटरव्यू में आलिया ने साफ कहा कि ऑनलाइन ट्रोलिंग उनकी निजी जिंदगी को कतई प्रभावित नहीं करती।
प्रतिक्रिया
ट्रोलिंग और मीम्स पर दिया जवाब
आलिया ने एस्क्वायर इंडिया से रणबीर संग अपनी शादी और मीडिया की दखलअंदाजी पर खुलकर बात की। उन्होंने ट्रोलिंग और मीम्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'ये शोर हम तक नहीं पहुंचता, क्योंकि ये सच नहीं है। इंटरनेट पर उनके रिश्ते को लेकर जो भी बातें बुनी जाती हैं, वो हमारी हकीकत से कोसों दूर हैं। आलिया ने स्पष्ट किया कि इंटरनेट पर दिखने वाले कुछ सेकंड के वीडियो उनके गहरे रिश्ते का पैमाना नहीं हो सकते।
दो टूक
"हम 7 साल से साथ हैं, चंद सेकंड की क्लिप्स हमारा सच नहीं बता सकतीं"
आलिया ने तर्क दिया कि लोग उनके जीवन के महज 3 से 7 सेकंड के वीडियो देखकर राय बना लेते हैं, जबकि उनका रिश्ता 7 साल पुराना है। आलिया ने कहा, "7 साल में उन चंद सेकंड्स से कहीं ज्यादा वक्त होता है, जिस पर लोग कमेंट करते हैं। हमारे लिए इंटरनेट का ये शोर पूरी तरह से बनावटी है।" आलिया ने उन लोगों को आईना दिखाया, जो रणबीर और उनकी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर राय बनाते हैं।
फिक्र
"50 लोगों में सिर्फ 4 ही आपकी परवाह करते हैं"
आलिया ने बताया कि वो और रणबीर कभी-कभार अपने मीम्स देखकर बहुत हंसते हैं। उन्होंने कहा, "परेशानी का 'प' भी हमारी जिंदगी में दाखिल नहीं होता। अगर आप 50 लोगों के कमरे में हैं तो शायद उनमें से केवल 4 ही आपकी सच में परवाह करते हैं। बाकी लोग शायद आपके बारे में बुरा सोच रहे हों, लेकिन आप उन्हें सुन नहीं सकते।" आलिया ने जोर देते हुए कहा कि कोई भी चीज उनकी असलियत को नहीं बदल सकती।
मन
सोशल मीडिया से दूर होना चाहती हैं आलिया
आलिया ने बताया कि कई बार उनका मन करता है कि वो सोशल मीडिया पूरी तरह छोड़ दें और सिर्फ अपने अभिनय पर ध्यान दें। वो ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं करतीं, क्योंकि वो अपने उन पुराने समर्थकों और फैंस से रिश्ता नहीं तोड़ना चाहतीं, जिन्होंने करियर की शुरुआत से ही उन्हें प्यार दिया है। आलिया के मुताबिक, मां बनने के बाद उनकी प्राथमिकताओं में बदलाव आया है और अब वो फालतू की चर्चाओं से दूर रहना पसंद करती हैं।
जानकारी
फिल्म 'अल्फा' में नजर आएंगी आलिया
आलिया की आने वाली फिल्म 'अल्फा' खूब चर्चा में है, क्योंकि ये यशराज फिल्म्स (YRF) के 'स्पाय यूनिवर्स' की पहली महिला प्रधान फिल्म है। इस फिल्म में आलिया एक खतरनाक जासूस की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में उनके साथ शरवरी वाघ नजर आएंगी।