आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा' की रिलीज तारीख आगे खिसकी, जानिए कब करेगी सिनेमाघरों का रुख
आलिया भट्ट को आखिरी बार 'हार्ट ऑफ स्टोन' में देखा गया था, जिसमें उनकी अदाकारी की खूब तारीफ हुई। इस फिल्म के जरिए उन्होंने हॉलीवुड में कदम रखा था। अब आलिया फिल्म 'जिगरा' में नजर आएंगी, जिसके निर्देशन की कमान वासन बाला ने संभाली है। 'जिगरा' 27 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब निर्माताओं ने फिल्म की नई रिलीज का ऐलान कर दिया है। इस फिल्म के लिए अब आपको थोड़ा और इंतजार करना होगा।
निर्माताओं ने साझा किया पोस्टर
अब 'जिगरा' 11 अक्टूबर, 2024 को सिनेमाघरों का रुख करेगी। निर्माताओं ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, 'अपने खुद के...अपने 'जिगरा' की रक्षा के लिए एक भयंकर सफर।' फिल्म में आलिया न सिर्फ अभिनय कर रही हैं, बल्कि वह फिल्म की सह-निर्माता भी हैं। वह करण जौहर के साथ फिल्म का निर्माण कर रही हैं। 'जिगरा' की कहानी जेल तोड़ने की एक घटना पर आधारित है, जिसके केंद्र में भाई-बहन का रिश्ता है। वेदांग रैना भी फिल्म में नजर आएंगे।