आलिया भट्ट के हाथों में 'तुम्बाड' के महा-अंत की कमान, अब तक का सबसे बड़ा अपडेट
क्या है खबर?
बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में शुमार आलिया भट्ट अब आधिकारिक तौर पर सोहम शाह की कल्ट-क्लासिक हॉरर फिल्म 'तुम्बाड' की फ्रैंचाइजी का हिस्सा बनने जा रही हैं। निर्माताओं ने इस सफल फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाने के लिए एक बहुत बड़ा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत आलिया की इस यूनिवर्स में शानदार एंट्री होने जा रही है। 'तुम्बाड 3' में आलिया अभिनेता सोहम शाह के साथ मुख्य भूमिका निभाती हुई दिखाई देंगी। क्या जानकारी मिली है, आइए जानते हैं।
रिपोर्ट
तीसरे भाग में मुख्य भूमिका निभाएंगी आलिया
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, आलिया 'तुम्बाड 2' में एक विस्तृत कैमियो कर रही हैं। ये किरदार फिल्म की पूरी कहानी के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। बात यहीं खत्म नहीं होती, बल्कि उनका ये किरदार फिल्म के तीसरे भाग में भी आगे बढ़ेगा, जो कि 'तुम्बाड' ट्रिलॉजी का भव्य फिनाले होगा। सूत्र के मुताबिक, 'तुम्बाड 2' में दर्शकों का परिचय आलिया के किरदार से कराया जाएगा, जो आगे चलकर 'तुम्बाड 3' में सोहम के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
शूटिंग
मई के अंत तक 'तुम्बाड 2' निपटाएंगी आलिया
सूत्र ने आगे बताया कि आलिया मई, 2026 के अंत तक 'तुम्बाड 2' की शूटिंग पूरी कर लेंगी, जिसके बाद वो अपनी अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' के आखिरी शेड्यूल की तैयारी में जुट जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, 'लव एंड वॉर' की शूटिंग जून से दोबारा शुरू होगी और इसे अगस्त, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। दूसरी ओर 'तुम्बाड 3' की शूटिंग 'तुम्बाड 2' के रिलीज होने के तुरंत बाद शुरू हो जाएगी।
तुम्बाड
'तुम्बाड' का कालजयी सफर
तुम्बाड' भारतीय सिनेमा के इतिहास की ऐसी चुनिंदा फिल्म है, जिसने हॉरर और थ्रिलर शैली की परिभाषा को पूरी तरह से बदल कर रख दिया। साल 2018 में रिलीज हुई ये फिल्म शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर भले ही कोई बहुत बड़ा धमाका नहीं कर पाई थी, लेकिन धीरे-धीरे अपनी अनूठी कहानी, बेहतरीन विजुअल्स और शानदार अभिनय के दम पर ये भारतीय सिनेमा की एक कालजयी फिल्म बन गई। अब आलिया के जुड़ने से 'तुम्बाड' का रोमांच दोगुना हो जाएगा।
आगामी फिल्म
'अल्फा' से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने को तैयार आलिया
बिजनेस और प्रोडक्शन में व्यस्त रहने के साथ-साथ आलिया अपनी आने वाली बड़ी फिल्म 'अल्फा' के जरिए भी बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। ये फिल्म यशराज फिल्म्स के मशहूर स्पाई यूनिवर्स की सातवीं कड़ी है। 'अल्फा' में आलिया के साथ शरवरी वाघ भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में ऋतिक रोशन, अनिल कपूर और विलेन के रूप में बॉबी देओल के होने की चर्चा है, जो इसे और भी रोमांचक बनाता है।