अरशद वारसी से बर्दाश्त नहीं हुई अक्षय खन्ना की बुराई, बोले- वो शुरू से बेहतरीन रहे
क्या है खबर?
फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अक्षय खन्ना के फिल्म से अलग होने के बाद मामला और गरमा गया, खासकर तब, जब निर्माता कुमार मंगत पाठक ने उन पर तीखी टिप्पणी करते हुए उनकी काबिलियत और शख्सियत पर सवाल उठा दिए। अब इस पूरे विवाद के बीच अरशद वारसी अक्षय खन्ना के समर्थन में सामने आए हैं और उन्होंने साफ कहा है कि अक्षय शुरू से ही एक बेहतरीन अभिनेता रहे हैं।
सराहना
वो अपनी शर्ताें पर अपनी जिंदगी जीते हैं- अक्षय
अरशद लल्लनटॉप से बोले, "अक्षय खन्ना एक बहुत गंभीर इंसान हैं। वो पहले से ही एक शानदार अभिनेता रहे हैं, इसमें कभी कोई शक नहीं था। उन्हें अपनी ही दुनिया में रहना पसंद है। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं। वो अपनी जिंदगी को अपने नियमों पर जीते हैं और किसी की राय से परेशान नहीं होते। शुरू से ही उनका कोई PR नहीं रहा। पूरी जिंदगी वो ऐसे ही रहे हैं।"
नाराजगी
'दृश्यम 3' छोड़ने पर अक्षय पर फूटा था निर्माता का गुस्सा
कुमार मंगत पाठक ने अक्षय को उनकी फिल्म 'दृश्यम 3' अचानक छोड़ने पर कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा, "अक्षय खुद को सुपरस्टार समझने लगे हैं। सफलता उनके सिर चढ़ गई है। उन्हें लगता है रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' उनकी वजह से हिट हुई। हकीकत ये है कि वो खुद के दम पर 50 करोड़ भी नहीं कमा पाएंगे। 'दृश्यम 3' में अब अक्षय की जगह जयदीप अहलावत को लिया गया है, जो उनसे बेहतर अभिनेता और इंसान हैं।"
पहचान
लाइमलाइट से दूर रहकर भी चमके अक्षय
अक्षय खन्ना यूं तो दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे हैं, लेकिन कोई शक नहीं कि उन्होंने इंडस्ट्री में पहचान अपने हुनर के दम पर बनाई है। 'दिल चाहता है' से लेकर 'हंगामा', 'रेस', 'गांधी, माय फादर', 'तलाश', 'दृश्यम 2', 'छावा' और 'धुरंधर' जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय से खुद को साबित कर चुके हैं। अक्षय अपनी निजी जिंदगी को निजी रखना पसंद करते हैं। वो हमेशा से लाइमलाइट से दूर रहे हैं।
आगामी फिल्में
अक्षय की ये फिल्में हैं कतार में
अक्षय भले ही 'दृश्यम 3' से बाहर हो गए हों, लेकिन उनके पास फिल्मों की कमी नहीं है। उनकी एक और बड़ी फिल्म है 'महाकाली', जिसकी शूटिंग जोर-शोर से चल रही है। अक्षय के पास एक कोर्टरूम थ्रिलर 'सेक्शन 84' है। दूसरी ओर वो 'इक्का' नाम की एक फिल्म लेकर आ रहे हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया की इस फिल्म में अक्षय के साथ सनी देओल होंगे। वो अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'भागम भाग' के सीक्वल में भी नजर आएंगे।