अक्षय कुमार ने पूरी की 'राम सेतु' की शूटिंग, दिवाली पर आएगी फिल्म

अक्षय कुमार की फिल्मों का इंतजार दर्शकों को बहुत बेसब्री से रहता है। एक के बाद एक कई फिल्में उनके खाते से जुड़ी हैं। लंबे समय से वह अपनी फिल्म 'राम सेतु' को लेकर चर्चा में हैं। अब अक्षय ने इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म की शूटिंग समाप्त करने की जानकारी दी है। फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अक्षय ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा, "आज मेरी फिल्म 'राम सेतु' का आखिरी दिन है। 'राम सेतु' को बनाने में वानर सेना लगी और मेरी फिल्म 'राम सेतु' को बनाने के लिए मेरी सेना ये है।' इसके बाद उन्होंने फिल्म की टीम की झलक दिखाई, जिसमें सभी कलाकार मस्ती करते हुए नजर आए। फिल्म की अहम कलाकार जैकलीन फर्नांडिस भी इस मौके पर दिखीं।
अक्षय ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'यहां एक और अद्भुत प्रोजेक्ट 'राम सेतु' की शूटिंग को मैंने पूरा कर लिया। इस फिल्म के निर्माण के दौरान मैंने बहुत कुछ सीखा। यह फिर से स्कूल जाने जैसा अनुभव था। बड़ी मेहनत की है हम सबने, अब बस आपका प्यार चाहिए।' शेयर किए गए वीडियो में बताया गया है कि यह फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Here’s to the wrap of yet another amazing project #RamSetu. I learned so much during the making of this film, it was like going to school all over again 🙈. बड़ी मेहनत की है हम सबने, अब बस आप का प्यार चाहिए 🙏🏻 pic.twitter.com/v5ywciUu8F
— Akshay Kumar (@akshaykumar) January 31, 2022
इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल मार्च में शुरू हुई थी। फिल्म में नुसरत भरूचा को भी मुख्य भूमिका में देखा जाएगा। नुसरत पहली बार अक्षय के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। अक्षय फिल्म में एक पुरातत्वविद की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म से अक्षय के लुक को भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। जैकलीन और नुसरत एक मजबूत और स्वतंत्र महिला की भूमिका में दिखेंगी। फिल्म के 80 फीसदी हिस्सों की शूटिंग मुंबई में पूरी हुई है।
फिल्म का निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है। उन्होंने इससे पहले 'परमाणु' और 'तेरे बिन लादेन' जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन किया है। केप ऑफ गुड फिल्म्स, अबुदंतिया एंटरटेनमेंट, लाइका प्रोडक्शंस और अमेजन प्राइम वीडियो द्वारा फिल्म का निर्माण किया गया है।
अक्षय फिल्म 'पृथ्वीराज' में मुख्य भूमिका में हैं। वह फिल्म 'रक्षाबंधन' में भी दिखने वाले हैं। यह फिल्म भाई-बहने के रिश्तों पर आधारित है। फिल्म 'ओह माय गॉड 2' भी अक्षय के खाते से जुड़ी है। वह 'बेल बॉटम' के निर्माता जैकी भागनानी की दूसरी फिल्म 'सिंड्रेला' का भी हिस्सा हैं। वह जल्द ही प्रियदर्शन की एक फिल्म में भी नजर आ सकते हैं। अक्षय की 'बच्चन पांडे' भी होली के मौके पर दर्शकों के बीच आएगी।