Page Loader
'जॉली LLB 3' में फिर नजर आ सकते हैं अभिनेता अक्षय कुमार
'जॉली LLB 3' में फिर दिख सकते हैं अक्षय

'जॉली LLB 3' में फिर नजर आ सकते हैं अभिनेता अक्षय कुमार

Aug 13, 2022
09:55 pm

क्या है खबर?

कोर्टरूम ड्रामा फिल्मों की बात होती है, तो 'जॉली LLB' फ्रेंचाइजी का नाम जेहन में आ ही जाता है। इस फ्रेंचाइजी की पहली किस्त में अभिनेता अरशद वारसी ने खूब रंग जमाया था। वहीं, 'जॉली LLB 2' में अक्षय कुमार ने वकील जगदीश्वर मिश्रा बनकर लोगों की महफिल लूटी थी। अब सुनने में आ रहा है कि 'जॉली LLB 3' में अक्षय फिर नजर आ सकते हैं। वह अपने किरदार को पर्दे पर दोहराते हुए दिखेंगे।

रिपोर्ट

अक्षय, सुभाष और स्टार स्टूडियोज 'जॉली LLB 3' पर कर रहे विचार

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, 'जॉली LLB 3' में अक्षय फिर अपने किरदार से दर्शकों को गुदगुदाते हुए नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को स्टार स्टूडियोज प्रोड्यूस करेगी, जबकि निर्देशन की कमान सुभाष कपूर संभालेंगे। एक सूत्र ने कहा, "अक्षय, सुभाष और स्टार स्टूडियोज 'जॉली LLB' फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। तीसरा पार्ट पहले दोनों पार्ट से बड़ा और बेहतर होगा। इस प्रोजेक्ट पर टीम से बड़े सरप्राइज का इंतजार है।"

शूटिंग

अगले साल की शुरुआत में शुरू होगी शूटिंग

खबरों की मानें तो फिल्म की स्क्रिप्ट को कमोबेश तैयार कर लिया गया है। जल्द फिल्म के कलाकारों की कास्टिंग होगी। अगले साल की शुरुआत में इस फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। सूत्र की मानें तो यह फिल्म अगले साल के अंत में दर्शकों के बीच आ सकती है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म के लिए सुभाष के आइडिया से सभी उत्साहित हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अक्षय के साथ कौन-कौन से कलाकार फिल्म की शोभा बढ़ाएंगे।

फ्रेंचाइजी की फिल्में

'जॉली LLB' फ्रेंचाइजी की फिल्मों के बारे में जानिए

'जॉली LLB' 2013 में बड़े पर्दे पर आई थी। अरशद के अलावा फिल्म में बोमन ईरानी और सौरभ शुक्ला भी नजर आए थे। खासकर जज की भूमिका में सौरभ के अभिनय को सराहना मिली थी। 'जॉली LLB 2' की बात करें तो इसमें अक्षय ने अरशद को रिप्लेस किया था। उन्होंने भी पर्दे पर अरशद की कमी नहीं खलने दी। इसमें अन्नू कपूर और हुमा कुरैशी मुख्य भूमिकाओं में थे। इन दोनों ही फिल्मों का निर्देशन सुभाष ने किया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

सुभाष बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर हैं। उनकी सीरीज 'महारानी' पिछले साल OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। पिछले साल आई 'मैडम चीफ मिनिस्टर' से भी उन्हें खूब शोहरत मिली। इस फिल्म में ऋचा चड्ढा मुख्य भूमिका में थीं।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे अक्षय

अक्षय के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह हाल में 'रक्षा बंधन' में भूमि पेडनेकर के साथ दिखे हैं। वह साउथ फिल्म 'रक्षासुडू' की हिंदी रीमेक और सुपरस्टार सूर्या की तमिल फिल्म 'सोरारई पोटरु' की हिंदी रीमेक का हिस्सा हैं। फिल्म 'राम सेतु' में भी अक्षय मुख्य भूमिका में हैं। इसमें उनके साथ जैकलीन फर्नांडिस भी नजर आएंगी। 'ओह माय गॉड 2', 'सेल्फी', 'मिशन सिंड्रेला' और 'बड़े मियां छोटे मियां' भी उनके खाते से जुड़ी हैं।