Page Loader
अक्षय कुमार का बेटा आरव बॉलीवुड में बनाएगा करियर? अभिनेता ने कही ये बात
आरव की फिल्मी करियर पर अक्षय कुमार का खुलासा

अक्षय कुमार का बेटा आरव बॉलीवुड में बनाएगा करियर? अभिनेता ने कही ये बात

लेखन पलक
May 20, 2024
07:53 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की दुनिया में अपने अभिनय का जलवा दिखाकर देश-दुनिया में पहचान बनाने वाले अक्षय कुमार इंडस्ट्री के बेहतरीन अभिनेताओं में गिने जाते हैं। वह बेशक अपनी फिल्मों के बारे में खूब बातचीत करते हों, लेकिन अपनी निजी जिंदगी और बच्चों नितारा और आरव को लेकर शायद ही उन्हें कभी बोलते देखा हो। हालांकि, हाल ही में अक्षय ने अपने बेटे आरव के बारे में खुलकर बात की और खुलासा किया कि वह बॉलीवुड में एंट्री करेंगे या नहीं।

हिस्सा

बॉलीवुड का हिस्सा नहीं बनेंगे आरव

क्रिकेटर शिखर धवन के टॉक शो 'धवन करेंगे' पर अक्षय ने खुलासा किया कि आरव फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहते और फैशन में अपना करियर बनाना चाहते हैं। अक्षय बोले, "हमने कभी भी आरव को कुछ भी करने के लिए मजबूर नहीं किया। उसकी रुचि फैशन में है। वह सिनेमा का हिस्सा नहीं बनना चाहता। उसने मेरे पास आकर कहा था कि मैं फिल्में नहीं करना चाहता। मैंने कहा कि यह तुम्हारी जिंदगी है, जो करना चाहते हो करो।"

शौक

महंगे कपड़ों का आरव नहीं है शौक

बॉलीवुड स्टारकिड्स को महंगे कपड़े और गाड़ियों का शौक होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन अक्षय के बेटे आरव को किसी भी चीज का शौक नहीं है। खिलाड़ी कुमार ने खुलासा किया कि उनका बेटा जमीन से जुड़े रहना पसंद करता है। वह घर के सारे काम खुद करता है और महंगे कपड़ों पर पैसा खर्च करने से भी बचता है। अक्षय के अनुसार, आरव बहुत ही सादगी से अपनी जिंदगी जीना पसंद करता है।

सराहना

बेहद सीधा-साधा है आरव- अक्षय 

अक्षय ने कहा, "वह अपने कपड़े खुद धोता है। खाना बनाता है, बर्तन मांजता है और महंगे कपड़े भी नहीं खरीदता। सच बताऊं तो वह कपड़े खरीदने के लिए सेकेंड-हैंड स्टोर, 'थ्रिफ्टी' जाता है क्योंकि वह पैसों की बर्बादी में विश्वास नहीं करता है।" अक्षय ने आरव को एक साधारण इंसान बनाने के लिए अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना और खुद की सराहना की। उन्होंने कहा, "जिस तरह से मैंने और ट्विंकल ने आरव का पालन-पोषण किया, उससे मैं खुश हूं।"

घर

15 साल की उम्र में आरव ने छोड़ दिया था घर

अक्षय ने बताया कि वह नहीं चाहते थे कि आरव 15 साल की उम्र में घर छोड़कर विदेश में पढ़ाई करें। उन्होंने कहा, "आरव लंदन में पढ़ रहा है। उसने 15 साल की उम्र में घर छोड़ दिया था। उसे हमेशा पढ़ाई का शौक था और वह अकेले रहना चाहता था। भले ही मैं नहीं चाहता था कि वह जाए, लेकिन मैं उसे रोक नहीं सका क्योंकि मैंने 14 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया था।"

जानकारी

2002 में हुआ था आरव का जन्म

अक्षय ने ट्विंकल से साल 2001 में शादी की थी। दोनों के घर शादी के एक साल बाद 2002 में आरव का जन्म हुआ था। उनकी एक बेटी भी है, जिसका नाम नितारा है। उसका जन्म साल 2012 में हुआ था।