अक्षय कुमार ने बेचे 2 अपार्टमेंट, जानिए कितना हुआ मुनाफा?
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुंबई के बोरीवली इलाके में मौजूद ओबेरॉय स्काई सिटी में अपने 2 अपार्टमेंट बेच दिए हैं। इन दोनों अपार्टमेंट की बिक्री से उन्हें कुल 7.1 करोड़ रुपये मिले।
खरीदार सुवर्णा रुपेशकुमार सकपाल ने 2 जून, 2026 को आधिकारिक रूप से ये संपत्तियां अपने नाम करा लीं। इस बड़े अपार्टमेंट (1101 स्क्वायर फीट और 2 पार्किंग स्पेस के साथ) को 5.75 करोड़ रुपये में बेचा गया, जिस पर 28.75 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी लगी।
2017 में अक्षय ने कितने में खरीदा था अपार्टमेंट
छोटे अपार्टमेंट (252 स्क्वायर फीट और एक पार्किंग स्पेस के साथ) को 1.35 करोड़ रुपये में बेचा गया, जिस पर 6.75 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी लगी।
अक्षय ने ये दोनों अपार्टमेंट नवंबर 2017 में 3 करोड़ रुपये और 67.55 लाख रुपये में खरीदे थे। ऐसे में इस बार उन्हें अच्छा-खासा मुनाफा हुआ है। अक्षय के लिए संपत्ति में निवेश से मुनाफा कमाना कोई नई बात नहीं है।
पिछले साल भी उन्होंने एक ऑफिस स्पेस 8 करोड़ रुपये में बेचा था और ट्विंकल खन्ना के साथ मिलकर एक लग्जरी अपार्टमेंट भी 80 करोड़ रुपये में बेचा था, जिससे उन्हें भारी मुनाफा हुआ था।