
दुनिया के सबसे ऊंचे मोबाइल थिएटर में दिखाई गई अक्षय की 'बेल बॉटम'
क्या है खबर?
अभिनेता अक्षय कुमार को बॉलीवुड में सुपरस्टार का दर्जा हासिल है। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों में कमाई करती हैं।
हाल ही में अक्षय की बहुचर्चित फिल्म 'बेल बॉटम' सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में अक्षय के प्रदर्शन को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
अब जानकारी सामने आ रही है कि अक्षय की 'बेल बॉटम' दुनिया के सबसे ऊंचे मोबाइल थिएटर में दिखाई जाने वाली फिल्म बन गई है।
आइए जानते हैं पूरी खबर।
ट्विटर पोस्ट
अक्षय ने ट्विटर पर शेयर की जानकारी
अक्षय ने रविवार को अपने ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में जानकारी साझा की है। साथ ही उन्होंने इस मोबाइल थिएटर की तस्वीर शेयर की है।
उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'इस बात से मेरा दिल गर्व से भर जाता है कि 'बेल बॉटम' को लद्दाख के लेह में दुनिया के सबसे ऊंचे मोबाइल थिएटर में प्रदर्शित किया गया है। 11,562 फीट की ऊंचाई पर यह थिएटर -28 डिग्री सेल्सियस पर काम कर सकता है। क्या अद्भुत उपलब्धि है।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए अक्षय का ट्विटर पोस्ट
Makes my heart swell with pride that BellBottom was screened at World’s highest mobile theatre at Leh in Ladakh. At an altitude of 11562 ft, the theatre can operate at -28 degrees C. What an amazing feat! pic.twitter.com/5ozbpkTCIb
— Akshay Kumar (@akshaykumar) August 29, 2021
उद्घाटन
हाल में हुआ इस मूविंग थिएटर का उद्घाटन
हाल में हिमालय के उच्च पर्वतीय प्रदेश लद्दाख को दुनिया के सबसे ऊंचे मूविंग सिनेमा थिएटर की सौगात मिली है।
इसका मुख्य उद्देश्य भारत के हर क्षेत्र के लोगों को डिजिटल सिनेमा का अनुभव देना है। 11,562 फीट की ऊंचाई पर स्थापित यह थिएटर लद्दाख का पहला मूविंग सिनेमा थिएटर बन गया है।
इसे लेह के NSD ग्राउंड में लगाया गया है। इस मौके पर लद्दाख बौद्ध संघ के अध्यक्ष थुपस्तान चेवांग और अभिनेता पंकज त्रिपाठी शामिल हुए थे।
जानकारी
लॉकडाउन के बाद पहली फिल्म जो थिएटर में हुई रिलीज
'बेल बॉटम' 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में अक्षय एक रॉ एजेंट की भूमिका में हैं।
फिल्म में लारा दत्ता, हुमा कुरैशी, वाणी कपूर और आदिल हुसैन जैसे कलाकारों को अहम भूमिकाओं में देखा गया है। कोरोना की दूसरी लहर के बाद यह बॉलीवुड की पहली बड़ी फिल्म है, जिसे सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है।
यह जासूसी पर आधारित रोमांचकारी फिल्म है। फिल्म का निर्देशन रंजीत एम तिवारी ने किया है।
वर्कफ्रंट
अक्षय की आने वाली फिल्में
अक्षय इस साल फिल्म 'सूर्यवंशी' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी हैं, जिसमें अक्षय कैटरीना कैफ के साथ दिखेंगे। इसके अलावा अक्षय को फिल्म 'अतरंगी रे' में देखा जाएगा।
इस फिल्म में उनके साथ सारा अली खान दिखाई देंगी। वह 'पृथ्वीराज' और 'रक्षाबंधन' जैसी फिल्मों में भी दिखने वाले हैं।
इसके अलावा वह फिल्म 'राम सेतु' को लेकर चर्चा में हैं। इसमें जैकलीन फर्नांडिस भी नजर आएंगी।