LOADING...
अक्षय कुमार को याद आई मां की सीख, बोले- उन्होंने कहा था 'पुत्तर बड़ा सोच'
अक्षय कुमार ने सुनाया अपनी मां से जुड़ा किस्सा

अक्षय कुमार को याद आई मां की सीख, बोले- उन्होंने कहा था 'पुत्तर बड़ा सोच'

Apr 16, 2026
11:58 am

क्या है खबर?

अक्षय कुमार इन दिनों गेम रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की मेजबानी कर रहे हैं। हालिया एपिसोड में उन्होंने प्रतियोगियों संग बातचीत में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक यादगार किस्सा साझा किया। अभिनेता ने बताया कि कैसे उनकी मां ने उन्हें बड़ा सोचने की सीख दी थी, जब वह अपना पहला घर खरीदने जा रहे थे। बता दें, अक्षय कई बार शो के जरिए अपनी मां के साथ अपने भावनात्मक रिश्तों पर बात कर चुके हैं।

किस्सा

अक्षय कुमार ने सुनाया भावुक किस्सा

अक्षय ने अपने पहले घर को खरीदने के दौरान एक यादगार किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, "पहला घर जब मैंने सोचा था अपना लेने के लिए तो मैंने सोचा था कि मैं 2 बेडरूम का फ्लैट लूंगा।" इसके बाद अभिनेता ने मां की सीख को याद किया और आगे कहा, "लेकिन मेरी मां ने कहा, 'पुत्तर वड्डा सोच।' मैं कहा इस से और वड्डा की सोचूंगा, 2 कमरे का फ्लैट मिल जाए इस से वड्डा की।"

प्रोत्साहना

मां ने बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया

अक्षय ने बताया कि कैसे उनकी मां ने उन्हें और भी बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "उनका (मां) कहना था जो पहला फ्लैट होता है ना...जो पहला घर होता है, वो अपने लिए लेना होता है। वो अपने खुद के लिए लेना होता है। उसके लिए भगवान जो है, वो खुद आप को किसी ना किसी तरह पैसे पूरे करवा के रखेंगे।" बता दें, 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' सोनी लिव और सोनी टीवी पर प्रसारित होता है।

Advertisement