LOADING...
अक्षय कुमार ने 'सम्राट पृथ्वीराज' में 'नकली मूंछ' लगाने पर तोड़ी चुप्पी- मुझे माफ कर दें
नकली मूंछों पर ट्रोल होने के बाद अक्षय कुमार ने मांगी माफी

अक्षय कुमार ने 'सम्राट पृथ्वीराज' में 'नकली मूंछ' लगाने पर तोड़ी चुप्पी- मुझे माफ कर दें

Apr 22, 2026
01:50 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में अक्षय कुमार की नकली मूंछों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। लंबे समय बाद अभिनेता ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। अक्षय ने स्वीकार किया कि दर्शकों को उनका वो लुक पसंद नहीं आया और उन्होंने इसके लिए विनम्रतापूर्वक माफी मांगी। साथ ही उन्होंने ये भी साझा किया कि एक साथ कई प्रोजेक्ट्स करने के कारण उनके लिए हर किरदार के लिए महीनों तक असली मूंछें बढ़ाना मुश्किल हो जाता है।

बयान

"मैं काम से जी नहीं चुराता"

शुभांकर मिश्रा के साथ हालिया बातचीत में अक्षय बोले, "देखिए, मैं बहुत सारी चीजों और फिल्मों पर काम कर रहा हूं। जैसे अभी मेरी यह दाढ़ी है। इसे बढ़ाने में मुझे लगभग 6 हफ्ते लगे और उन 6 हफ्तों के दौरान मैंने कोई काम नहीं किया।" अक्षय ने स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं है कि वो मेहनत नहीं करना चाहते, बल्कि कई बार प्रोजेक्ट्स के बीच तालमेल बिठाने के लिए उन्हें प्रोस्थेटिक्स (नकली मूंछों) का सहारा लेना पड़ता है।

माफी

नकली मूंछें पसंद नहीं आईं? अक्षय बोले- माफ कर दें

अक्षय ने कहा कि 'सम्राट पृथ्वीराज' के लिए खास तरह की मूंछों की जरूरत थी, जो वो स्वाभाविक रूप से नहीं उगा सकते थे। उन्होंने कहा, "उस तरह की मूंछें मेरे चेहरे पर प्राकृतिक रूप से नहीं उग सकतीं। शायद नकली मूंछें अच्छी नहीं लगीं और लोगों को पसंद नहीं आया, लेकिन अंत में ये अभिनय है। वैसी मूंछें उगाना मेरे लिए संभव नहीं है। अगर लोगों को पसंद नहीं आया तो मैं माफी चाहता हूं। मुझे माफ कर दें।"

Advertisement

हमला

मुकेश खन्ना ने किया था अक्षय कुमार पर तीखा प्रहार

कुछ समय पहले अभिनेता मुकेश खन्ना ने 'सम्राट पृथ्वीराज' के लिए अपने लुक के साथ न्याय न करने पर अक्षय पर तंज कसा था। पिंकविला को दिए उनके इंटरव्यू में मुकेश ने कहा था, "पृथ्वीराज चौहान क्यों नहीं लगे अक्षय कुमार? विग लगा दिया, सिर्फ मूंछ लगा दिया, ऐसा नहीं होता साहब। पृथ्वीराज चौहान जब सामने खड़े हों तो उन्हें पृथ्वीराज चौहान जैसा दिखना चाहिए, जो अक्षय कुमार फिल्म में नहीं दिखे।"

Advertisement

फिल्म

प्लॉप हो गई थी 'सम्राट पृथ्वीराज'

चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' जून 2022 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मानुषी छिल्लर, संजय दत्त और सोनू सूद ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। हालांकि, फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में नाकाम रही और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन काफी खराब रहा। एक ओर दर्शकों ने फिल्म की कहानी को नकार दिया तो दूसरी ओर अक्षय को अपने लुक को लेकर खूब आलोचनाएं झैलनी पड़ीं।

Advertisement