अक्षय कुमार का भाषा विवाद पर सीधा रुख- मैं हिंदी में बोलूंगा, यही मेरी सहजता
क्या है खबर?
अक्षय कुमार अपने बेबाक विचारों को लोगों के सामने रखने में बिल्कुल नहीं हिचकिचाते हैं। आगामी फिल्म 'भूत बंगला' के प्रमोशन के दौरान उन्होंने बॉलीवुड में भाषा विवाद पर अपना सीधा रुख स्पष्ट किया। उन्होंने 1990 का वो दाैर याद किया, जब फिल्मी सितारों के लिए अंग्रेजी को "फैशनेबल" माना जाता था। हालांकि अक्षय ने हिंदी भाषा को प्राथमिकता दी और बड़े से बड़े पुरस्कार समारोह या वैश्विक समारोह में अपनी जड़ों को दृढ़ता के साथ बनाए रखा।
सहजता
हिंदी बोलने में सहजता महसूस करते हैं अक्षय कुमार
IANS के साथ बातचीत में, अक्षय ने अपनी भाषा की पसंद पर बात की। उन्हों कहा, "90 के दशक में, चाहे कोई पुरस्कार समारोह ही क्यों न हो, मैं हमेशा कहता था कि मैं हिंदी में बोलूंगा। आमतौर पर भी मैं हमेशा हिंदी में बोलता हूं। यहां तक कि मेरे कई सम्मेलनों में भी, जहां अंग्रेजी बोलने वाले लोग होते हैं, मैं हाथ जोड़कर उनसे कहता हूं, 'आप अंग्रेजी में बोलिए, लेकिन मैं हिंदी में बोलूंगा।' यही मेरी सहजता है।"
प्रामाणिकता
"हिंदी हमेशा से प्रामाणिकता का प्रतीक"
अक्षय ने आगे बताया कि उनके लिए हिंदी हमेशा से प्रामाणिकता का प्रतीक रही है, धारणाओं की नहीं। रिपोर्ट के मुताबिक, 90 के दशक में बातचीत के लिए अंग्रेजी को व्यापक रूप से प्राथमिकता मिलती थी, लेकिन अक्षय और गोविंदा जैसे अभिनेता उन सितारों में से थे जिन्हाेंने हमेशा हिंदी को चुना। फिल्म 'भूत बंगला' की बात करें, तो इसमें तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल भी शामिल हैं। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह 10 अप्रैल को रिलीज होगी।