देश में PUBG बैन होते ही अक्षय कुमार ला रहे नया गेम, लॉन्च करेंगे FAU-G
भारत सरकार ने हाल ही में 118 चाइनीज ऐप्स बैन करते हुए पड़ोसी मुल्क पर एक और डिजिटल स्ट्राइक कर दी है। इन्हीं में से एक सबसे ज्यादा लोकप्रिय वीडियो गेम ऐप PUBG भी थी। इसके बैन से अब कई भारतीय काफी निराश भी हैं। हालांकि, अब बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने अपने एक ऐलान से गेमर्स को दोबारा खुश कर दिया है। उन्होंने बताया है कि वो जल्द ही एक ऐक्शन गेम FAU-G (फौजी) लेकर आ रहे हैं।
ऐप के जरिए किया जाएगा 'भारत के वीर' ट्रस्ट का समर्थन
अक्षय ने हाल ही में एक ट्वीट में इस ऐप की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर आंदोलन का समर्थन करते हुए, ऐक्शन गेम फियरलेस एंड यूनाइटेड-गार्ड (FAU-G) को पेश करते हुए गर्व हो रहा है। मनोरंजन के अलावा, खिलाड़ी हमारे सैनिकों के बलिदानों के बारे में भी जानेंगे। इसका 20 प्रतिशत नेट रेवेन्यू 'भारत के वीर' ट्रस्ट को दान किया जाएगा।' बता दें कि 'भारत के वीर' देश के जवानों को सपोर्ट करता है।
अक्टूबर में लॉन्च हो सकती है ऐप
रिपोर्ट्स के अनुसार यह गेम भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा घरेलू और विदेशी खतरों से निपटने के वास्तविक परिदृश्यों पर आधारित होगी। इस गेम के अक्टूबर के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद है। पहली स्टेज में गलवान घाटी को दिखाया जाएगा। यह गेम गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगी। गेमिंग प्रकाशक के अध्यक्ष और संस्थापक विशाल गोंडल का कहा है कि दुनिया के सामने इस तरह का खेल पेश करना गर्व की बात है।
देखिए अक्षय कुमार का ट्वीट
अब तक 224 चाइनीज ऐप्स हो चुकी हैं बैन
गौरतलब है कि सीमा पर चीन से जारी गतिरोध के बीच भारत सरकार ने कई चीनी ऐप्स पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया कि यह देश की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं। कुछ वक्त पहले टिक-टॉक और UC ब्राउजर सहित 59 ऐप्स को बैन किया गया था। इसके बाद 47 ऐप्स और अब 118 ऐप्स बैन हो गई। कुल मिलाकर अब तक 224 ऐप्स बैन हो चुकी हैं।
गेमर्स हुए FAU-G के लिए उत्साहित
बता दें कि अब अक्षय के ऐलान के बाद फैंस जहां एक ओर उनका शुक्रिया अदा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गेमर्स में इसके लिए काफी उत्सुकता बढ़ गई है। इसका एक कारण यह भी है कि गेमर्स PUBG के आदि हो चुके थे।