अक्षय कुमार ने खुद मांगा खलनायक का रोल, 'हैवान' में सैफ अली खान से होगी जबरदस्त टक्कर
अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखेंगे। दोनों प्रियदर्शन की हिंदी क्राइम थ्रिलर 'हैवान' में काम कर रहे हैं।
यह फिल्म 11 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म मलयालम की मशहूर फिल्म 'ओपम' का आधिकारिक रीमेक है।
कहानी में सैफ एक ऐसे अंधे मार्शल आर्टिस्ट बने हैं, जो एक छोटी बच्ची को अक्षय के साइकोपैथिक विलेन से बचाता है। दोनों ही कलाकार इस फिल्म में अपनी सामान्य भूमिकाओं से बिल्कुल अलग किरदार निभाते दिखेंगे।
अक्षय ने खुद मांगी 'हैवान' में विलेन की भूमिका
अक्षय ने इस फिल्म में विलेन का किरदार निभाने की इच्छा खुद ही जताई थी। उनकी यह बात सुनकर निर्देशक प्रियदर्शन भी हैरान रह गए, उन्हें लगा था कि अक्षय मजाक कर रहे हैं।
वहीं, सैफ अंधे व्यक्ति का किरदार निभाने को लेकर बहुत उत्साहित थे। हालांकि, पहले उन्हें अक्षय के फिल्म में शामिल होने पर कुछ हिचकिचाहट थी, लेकिन बाद में बातचीत से सब सुलझ गया। इस फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखेंगे।
इसके अलावा, सुपरस्टार मोहनलाल भी एक खास कैमियो में नजर आएंगे, तो दर्शकों को सभी कलाकारों से कुछ नया और बेहतरीन देखने को मिलेगा।