'भूत बंगला' के बाद अक्षय कुमार-प्रियदर्शन की दोहरी साझेदारी, दोगुना होगा मनोरंजन
क्या है खबर?
अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरी है। 17 अप्रैल को रिलीज इस हॉरर-कॉमेडी के जरिए दोनों की जोड़ी लंबे समय बाद लौटी है। अब खबर है कि दोनों आगे की परियोजना के लिए फिर साथ आएंगे। दिलचस्प यह है कि प्रियदर्शन और अक्षय ने 2 फिल्मों के लिए साझेदारी की है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। दोनों परियोजनाओं को निर्माता रमेश तौरानी का समर्थन मिलेगा।
शूटिंग
2027 में शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अक्षय और प्रियदर्शन की पहली फिल्म एक कॉमेडी होगी, जिसमें दोनों पारंगत हैं। शूटिंग जनवरी, 2027 से शुरू होने की उम्मीद है। इसमें उसी तरह की कॉमेडी और अराजकता का प्रदर्शन होगा जो दोनों की पिछली अन्य फिल्मों में देखने को मिला है। दूसरी फिल्म 'भूत पुलिस 2' होगी, जिसमें अक्षय मुख्य अभिनेता होंगे और प्रियदर्शन निर्देशन की कमान संभालेंगे। अक्षय के साथ स्क्रीन साझा करने के लिए दूसरे मुख्य अभिनेता की तलाश जारी है।
पुष्टि
निर्माता ने दोनों फिल्मों की पुष्टि की
दोनों परियोजनाओं की पुष्टि निर्माता रमेश तौरानी ने की है। उन्होंने कहा, "हां, हम अक्षय और प्रियदर्शन के साथ दोनों फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं।" बता दें, 'भूत पुलिस' की पहली किस्त साल 2021 में रिलीज हुई थी और इसमें सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और यामी गौतम मुख्य किरदार में नजर आए थे। अक्षय की आगामी परियोजनाओं पर बात करें, तो उन्हें 'हैवान', 'वेलकम टू द जंगल' और 'हेरा फेरी 3' में देखा जाएगा।