Page Loader
'बच्चन पांडे' में हुई अरशद वारसी की एंट्री, पहली बार अक्षय कुमार के साथ आएंगे नजर

'बच्चन पांडे' में हुई अरशद वारसी की एंट्री, पहली बार अक्षय कुमार के साथ आएंगे नजर

Nov 28, 2020
01:10 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार काफी वक्त से अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बच्चन पांडे' को लेकर चर्चा में हैं। अब उनकी इस फिल्म के साथ अरशद वारसी भी जुड़ गए हैं। इन दोनों ही कलाकार को इंडस्ट्री में उनके शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाना जाता है। अब पहली बार अक्षय और अरशद एक्शन कॉमेडी फिल्म 'बच्चन पांडे' के जरिए पर्दे पर साथ दिखाई देने वाले हैं। हाल ही में फिल्म में अरशद के नाम का ऐलान किया गया है।

फिल्म

'जॉली LLB' फ्रेंचाइजी में काम कर चुके हैं अक्षय और अरशद

अक्षय और अरशद दोनों ही इंडस्ट्री में एक लंबा सफर तय कर चुके हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि आज तक इन्हें किसी फिल्म में साथ नहीं देखा गया। हालांकि, ये दोनों फिल्म 'जॉली LLB' फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। जिसे दो भागों में बनाया गया था। खबर है कि 'बच्चन पांडे' के निर्माता साजिद नाडियाडवाला अपनी इस फिल्म में कुछ बदलाव का विचार कर रहे हैं। इसी के चलते फिल्म में अरशद की एंट्री हुई है।

पुष्टि

अरशद वारसी को लेकर हुई आधिकारिक पुष्टि

फिल्म में अरशद वारसी की एंट्री को लेकर आधिकारिक तौर पर भी पुष्टि कर दी गई है। फिल्म समीक्षक और बिजनेस विशेषज्ञ तरण आदर्श ने इसकी जानकारी देते हुए एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने बताया कि पहली बार अक्षय कुमार और अरशद वारसी को एक्शन कॉमेडी फिल्म 'बच्चन पांडे' में साथ देखा जाने वाला है। फरहाद सामजी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग जनवरी 2021 में जैसलमेर में शुरु होगी।

ट्विटर पोस्ट

देखिए तरण आदर्श का ट्वीट

रिलीज

पहले जनवरी 2021 में रिलीज होने वाली थी फिल्म

फिल्म में कृति सेनन को लीड एक्ट्रेस के तौर पर देखा जाएगा। अरशद फिल्म में न सिर्फ अक्षय के साथ, बल्कि कृति सेनन के साथ भी पहली बार पर्दे पर नजर आएंगे। बता दें कि कोरोना वायरस का असर इस फिल्म पर भी पड़ा है। पहले 'बच्चन पांडे' 22 जनवरी, 2021 में रिलीज होने वाली थी। लेकिन कोरोना वायरस के कारण फिल्म की शूटिंग तय समय पर शुरू ही नहीं हो पाई। फिलहाल इसकी नई रिलीज डेट तय हुई है।

जानकारी

दूसरी बार बन रही है इन चारों की जोड़ी

गौरतलब है कि इस फिल्म में निर्देशक फरहाद सामजी, निर्माता साजिद नाडियाडवाला, अक्षय कुमार और कृति सेनन दूसरी बार साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले ये चारों 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'हाउसफुल 4' में भी इनकी टीम बन चुकी है।

वर्क फ्रंट

इन फिल्मों को लेकर चर्चा में अरशद और अक्षय

अक्षय और अरशद की फिल्मों पर बात करें तो अरशद को भूमि पेडनेकर की फिल्म 'दुर्गावती' में देखा जाने वाला है। जबकि अक्षय के पास कई फिल्में हैं। काफी समय से वह अपनी फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में 'बेल बॉटम' की शूटिंग खत्म की है। इसके बाद वह 'अतरंगी रे', 'पृथ्वीराज', 'रक्षा बंधन' और 'राम सेतू' में भी नजर आने वाले हैं।