क्रिस्टोफ नोलन की 'द ओडिसी' की टक्कर के बीच 200 करोड़ क्लब के बेहद करीब अजय देवगन की फिल्म 'धमाल 4'
10 जुलाई को रिलीज हुई अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' दुनियाभर में अब तक 194.11 करोड़ रुपये कमा चुकी है। भारत के छोटे शहरों और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में इसे खूब पसंद किया जा रहा है और तीसरे शनिवार को भी इसने 4.5 करोड़ रुपये का अच्छा कारोबार किया। हालांकि, क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'द ओडिसी' के आने से इसे 200 करोड़ का आंकड़ा पार करने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
'द ओडिसी' की टक्कर के बीच भी सिनेमाघर पहुंच रहे दर्शक
कड़ी टक्कर के बावजूद दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। रिलीज के 16वें दिन फिल्म के हिंदी शोज में औसतन 27.35 प्रतिशत दर्शक नजर आए, जो रात के शोज में बढ़कर 36.69 प्रतिशत तक पहुंच गए।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म के दूसरे हफ्ते की कमाई को काफी अच्छा बताया है। हालांकि, फिल्म समीक्षक इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। कुछ समीक्षकों का मानना है कि निर्देशक इंद्र कुमार आज भी वही पुराना, खजाने की खोज वाला फॉर्मूला इस्तेमाल कर रहे हैं। फिल्म में अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख और संजय मिश्रा जैसे पुराने मशहूर चेहरे भी नजर आ रहे हैं।