Page Loader
अजय देवगन के भांजे अमन की पहली फिल्म का ऐलान, रवीना की बेटी राशा बनीं जोड़ीदार
अजय देवगन के भतीजे अमन और रवीना टंडन की बेटी राशा की फिल्मी दुनिया में एंट्री (तस्वीर: टि्वटर/@taran_adarsh)

अजय देवगन के भांजे अमन की पहली फिल्म का ऐलान, रवीना की बेटी राशा बनीं जोड़ीदार

Jun 30, 2023
05:50 pm

क्या है खबर?

अजय देवगन एक तरफ जहां अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं, वहीं दूसरी तरफ अब उनके भांजे अमन भी फिल्मी दुनिया में पदार्पण करने को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। उनकी पहली फिल्म का ऐलान हो चुका है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी अभिषेक कपूर को सौंपी गई है और फिल्म में अमन की जोड़ी रवीना टंडन की बेटी राशा के साथ बनी है। आइए जानते हैं फिल्म से जुड़ीं और क्या जानकारियां सामने आई हैं।

ऐलान

रिलीज तारीख भी आई सामने

फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने टि्वटर पर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'अभिषेक कपूर एक एक्शन एडवेंचर फिल्म का निर्देशन करने वाले हैं, जिसके जरिए वह अजय देवगन के भांजे अमन देवगन और रवीना की बेटी राशा थडानी को बॉलीवुड में लॉन्च करेंगे। फिल्म 9 फरवरी, 2024 को रिलीज होगी।' तरण ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि इस फिल्म को रॉनी स्क्रूवाला, प्रज्ञा कपूर के साथ मिलकर बनाने वाले हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए तरण का पोस्ट

ब्रेक

सुशांत और सारा को भी बॉलीवुड में लॉन्च कर चुके हैं अभिषेक

'काई पो छे' से अभिषेक ने जहां सुशांत सिंह राजपूत को बॉलीवुड में लॉन्च किया था, वहीं फिल्म 'केदारनाथ' से उन्होंने सारा अली खान को मौका दिया था। अब वह अमन और राशा को इंडस्ट्री में ब्रेक देने जा रहे हैं। दोनों ने अभिनय का प्रशिक्षण भी लिया है। वे पिछले काफी समय से इस फिल्म के लिए तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि राशा और अमन अपना एक्टिंग करियर शुरू करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

अमन,अजय की बहन नीलम के बेटे हैं। उन्हें कई बार अजय और उनके परिवार के साथ घूमते-फिरते देखा जा चुका है। अमन की अजय के साथ खूब बनती है, वहीं अजय की बेटी न्यासा के साथ भी उनकी तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं।

लोकप्रियता

सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हैं राशा

रवीना ने 1995 में दो बेटियों पूजा और छाया गोद ली थीं। इसके बाद 2004 में उन्होंने फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से शादी की और 2 बच्चों राशा और रणबीर को जन्म दिया। रवीना की बेटी राशा दिखने में काफी खूबसूरत हैं। उनमें अपनी मां की झलक दिखती है। स्टाइल के मामले में वह अपनी मां को भी मात देती हैं। राशा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। उनकी ग्लैमरस तस्वीरें और वीडियो अक्सर वायरल होते हैं।

जोड़ी

रवीना और अजय ने भी फिल्मों में साथ किया काम

बता दें कि अजय और रवीना ने साथ में कई हिट फिल्में दी हैं और दोनों की जोड़ी दर्शकों के बीच लोकप्रिय रही है। 1993 में फिल्म 'एक ही रास्ते' से लेकर 'दिलवाले', 'गैर' और 'दिव्य शक्ति' जैसी कई फिल्मों में उनकी जोड़ी जमी है। यही नहीं, एक समय अजय और रवीना के अफेयर की खबरें भी आम थीं और एक वक्त दोनों के बीच हुए मतभेदों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, अब दोनों के बीच सबकुछ ठीक है।