ऐश्वर्या राय बच्चन का ग्लोबल धमाका, बनीं इस बड़े ब्रांड की एंबेसडर
बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन को जेडब्ल्यू मैरियट ने अपना ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनाया है। वह दुनिया भर के अभियानों का हिस्सा बनेंगी, जिनमें फिल्म, प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से होने वाले प्रचार शामिल हैं।
इसके अलावा वह भारत सहित दूसरे देशों में होने वाले खास ब्रैंड इवेंट्स का भी हिस्सा होंगी। यह कदम यात्रियों से बेहतर जुड़ाव बनाने और होटल में ठहरने के अनुभव को अधिक व्यक्तिगत बनाने के मकसद से उठाया गया है।
ऐश्वर्या जेडब्ल्यू मैरियट की इस पहल से जुड़ीं
ऐश्वर्या, जेडब्ल्यू मैरियट की 'स्टे इन द मोमेंट' पहल के साथ जुड़ी हैं, जिसका मकसद मेहमानों को अपने आसपास के माहौल का पूरी तरह से आनंद लेने के लिए अनोखे और खास अनुभव देना है।
ब्रैंड का लक्ष्य है कि वह यात्रियों के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करे, साथ ही अपनी आधुनिक जीवनशैली पेशकशों को भी उजागर करे।
जेडब्ल्यू मैरियट के ग्लोबल ब्रैंड लीडर ब्रूस रोहर ने बताया कि यह साझेदारी भारत के प्रति उनकी लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे नए लक्जरी ग्राहकों तक उनकी पहुंच बढ़ेगी।