LOADING...
अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में उतरा फिल्म संगठन AICWA, मुख्यमंत्री मोहन यादव से लगाई गुहार
सत्येंद्र सोनी विवाद: AICWA ने मोहन यादव से लगाई गुहार

अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में उतरा फिल्म संगठन AICWA, मुख्यमंत्री मोहन यादव से लगाई गुहार

Jun 28, 2026
08:18 pm

क्या है खबर?

'लापता लेडीज' में काम कर चुके अभिनेता सत्येंद्र सोनी को जान से मारने की धमकी मिलने और उनके साथ बदसलूकी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) इस मामले में पूरी तरह अभिनेता के समर्थन में उतर आया है। एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और स्थानीय पुलिस को पत्र लिखकर फिल्म 'पेड़ पालकी' के निर्देशक और क्रू मेंबर्स के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है।

आरोप

पैसे मांगने पर निर्देशक ने दी जान से मारने की धमकी

सत्येंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर रोते-रोते अपना एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में फिल्म की शूटिंग के दौरान जब उन्होंने निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह से अपने 8 दिनों के काम के पैसे मांगे तो उन्हें बीच में ही प्रोजेक्ट से निकाल दिया गया। सत्येंद्र के मुताबिक, उन्हें और उनके साथियों को 10 मिनट के भीतर होटल खाली करने को कहा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। अब AICWA उनके समर्थन में आ गया है।

खुलासा

सत्येंद्र के बहाने AICWA ने फिल्म इंडस्ट्री के काले सच को किया उजागर

फिल्म संगठन AICWA के मुताबिक सत्येंद्र का वीडियो उनके मानसिक तनाव और दर्द को दिखाता है। उनके आरोप फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और कामगारों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाते हैं। AICWA ने दावा किया कि कई कलाकारों को काम का वादा कर बुलाया जाता है, लेकिन बाद में भुगतान टाल दिया जाता है या रोका जाता है। पैसे मांगने पर उन्हें डराने-धमकाने के आरोप भी सामने आते हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

Advertisement

समर्थन

सत्येंद्र को इंसाफ दिलाने के लिए आगे आया फिल्म संगठन

AICWA का कहना है कि सत्येंद्र ने अपना भावुक वीडियो साझा कर फिल्म जगत के कलाकारों और कामगारों के शोषण को सबके सामने ला दिया है और ये कोई छोटा मामला नहीं है। संगठन ने मध्य प्रदेश सरकार से इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। AICWA ने सम्मान, समय पर भुगतान और सुरक्षा को हर कलाकार का अधिकार बताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से विशेष अपील की है।

अपील

AICWA ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र

फिल्म संगठन ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, "ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव जी से ये पुरजोर अपील करता है कि वो पुलिस को निर्देशित करें कि अभिनेता सत्येंद्र सोनी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर निर्माता और निर्देशक के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में काम करने वाले सभी फिल्म कामगारों और कलाकारों की सुरक्षा व संरक्षा सुनिश्चित की जाए।"

Advertisement