LOADING...
अहान पांडे और अनीत पड्‌डा की दूसरी फिल्म की तैयारी शुरू, ये अपडेट कर देगा खुश
अहान पांडे और अनीत पड्‌डा की दूसरी फिल्म पर आया अपडेट

अहान पांडे और अनीत पड्‌डा की दूसरी फिल्म की तैयारी शुरू, ये अपडेट कर देगा खुश

Jun 01, 2026
04:04 pm

क्या है खबर?

निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' (2025) में अहान पांडे और अनीत पड्‌डा नजर आए थे। इस म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म ने इन दोनों सितारों को रातों-रात प्रसिद्धी दिला दी, जिससे लोग इनके फैन बन गए। पिछले दिनों ऐलान हुआ था कि सूरी ने अगली फिल्म के लिए अहान और अनीत को दोबारा कास्ट कर लिया है। अब इस परियोजना से जुड़ा एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जो बेशक फैंस को अभी से उत्साहित कर देगा।

शूटिंग

मोहित सूरी जल्द शुरू करेंगे फिल्म की शूटिंग

पिंकविला के मुताबिक, अहान और अनीत, सूरी के निर्देशन में बनने वाली अगली फिल्म की शूटिंग अक्टूबर या नवंबर, 2026 से शुरू कर देंगे। सूत्र ने कहा, "अहान और अनीत एक नई रोमांटिक कहानी के लिए मोहित सूरी के साथ फिर से जुड़ रहे हैं। फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन चरण में है। निर्माता अक्टूबर-नवंबर में शूटिंग शुरू करने का लक्ष्य बना रहे हैं।" हालांकि शूटिंग शुरू होने से पहले टीम विभिन्न पहलुओं पर सक्रिय रूप से काम शुरू कर चुकी है।

शीर्षक

शीर्षक काे लेकर हुआ ये खुलासा

दरअसल ऐसी चर्चा थी कि फिल्म का शीर्षक 'सतरंगा' होगा, लेकिन सूत्र ने इसे महज अफवाह बताया है। उन्होंने शीर्षक को लेकर लग रहीं अटकलों पर कहा, "शीर्षक को लेकर कई खबरें आई हैं, लेकिन फिल्म का नाम कभी भी सतरंगा नहीं था।" फिलहाल अहान इन दिनों अली अब्बास जफर की रोमांटिक एक्शन थ्रिलर फिल्म में व्यस्त चल रहे हैं। उधर अनीत भी अपनी अगली हॉरर कॉमेडी 'शक्ति शालिनी' की शूटिंग कर रही हैं। यह दिसंबर, 2026 में रिलीज होगी।

Advertisement