विजय वर्मा ने सुनाई आपबीती- मुझे गलत तरीके से छुआ गया, इसी कड़वे अनुभव ने दिखाया अभिनय का रास्ता
जाने-माने अभिनेता विजय वर्मा ने हाल ही में अपने शुरुआती दिनों को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जब वो हैदराबाद में मॉडलिंग करते थे, तब उनके साथ 'कास्टिंग काउच' जैसी एक बेहद असहज करने वाली घटना घटी थी।
विजय के मुताबिक, एक मॉडल कोऑर्डिनेटर उनके साथ जरूरत से ज्यादा करीब आने और उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा था। इस घटना से वो इतने परेशान हो गए कि उन्होंने मॉडलिंग छोड़ दी। हालांकि, इसी कड़वे अनुभव ने उनके लिए एक्टिंग के रास्ते खोल दिए। उन्होंने ठान लिया, "अगर मुझे एक्टिंग करनी ही है तो मैं पूरी ईमानदारी से वही करूंगा।"
FTII में लिया दाखिला
'सूत्रधार स्कूल ऑफ एक्टिंग' ने विजय वर्मा को ये कहकर ठुकरा दिया था कि वे एक्टिंग को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कोशिश जारी रखी। आखिरकार, दूसरी बार में उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान FTII (फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया) में दाखिला मिल ही गया।
FTII में उन्होंने राजकुमार राव और जयदीप अहलावत जैसे बेहतरीन कलाकारों के साथ एक्टिंग की बारीकियां सीखीं। उनकी इसी कड़ी मेहनत का नतीजा है कि आज वो गली बॉय, डार्लिंग्स और दहाड़ जैसी सुपरहिट फिल्मों और सीरीज से अपनी खास पहचान बना चुके हैं। इसके अलावा, वे जल्द ही मटका किंग और अनिल कपूर के साथ फैमिली बिजनेस जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में भी नजर आने वाले हैं।