Page Loader
अनुष्का शर्मा ने ठुकराई फरहान की 'जी ले जरा', लेने वाली थीं प्रियंका चोपड़ा की जगह 
अनुष्का शर्मा नहीं होंगी 'जी ले जरा' का हिस्सा (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@anushkasharma)

अनुष्का शर्मा ने ठुकराई फरहान की 'जी ले जरा', लेने वाली थीं प्रियंका चोपड़ा की जगह 

लेखन मेघा
Jul 10, 2023
01:34 pm

क्या है खबर?

फरहान अख्तर की फिल्म 'जी ले जरा' अपने ऐलान के बाद से ही किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी हुई है। बीते कुछ समय में फिल्म की कास्ट में काफी बदलाव हुए हैं, जिससे इसके निर्माण पर भी रोक लग गई है। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड प्रोजेक्ट के चलते फिल्म से किनारा कर लिया था तो इसमें अनुष्का शर्मा के नजर आने की खबरें थीं। हालांकि, अब अनुष्का ने भी फिल्म को ठुकरा दिया है।

विस्तार

अनुष्का ने क्यों किया इनकार?

सामने आ रही खबरों के मुताबिक, प्रियंका के बाद फरहान ने उनकी जगह लेने के लिए अनुष्का से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने तारीख न होने का हवाला देते हुए फिल्म करने से मना कर दिया। बॉलीवुड हंगामा को सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार, अनुष्का महिला नेतृत्व वाली इस फिल्म को लेकर उत्साहित थीं, लेकिन शूटिंग की समय-सीमा उनके कैलेंडर से मेल नहीं खा रही थी। ऐसे में उन्होंने इससे दूरी बनना ही ठीक समझा।

विस्तार

कैटरीना और आलिया के साथ भी शेड्यूल ने नहीं खाया मेल

सूत्र के अनुसार, अनुष्का को अपने निजी जिंदगी और काम के बीच में संतुलन बनाकर रखना है। ऐसे में फिल्म के लिए जितने दिन की मांग फरहान कर रहे थे वो उनके लिए संभव नहीं था। अभिनेत्री का शेड्यूल कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट की डेट्स के अनुरूप भी नहीं बैठ रहा था। हालांकि, यह भी कहा जा रहा था कि प्रियंका के बाद कैटरीना ने भी फिल्म छोड़ दी है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

विस्तार

ठंडे बस्ते में गई 'जी ले जरा'

फिल्म के लिए सितारों की कास्टिंग को लेकर हो रहे संघर्ष के बीच फरहान ने इस समय 'जी ले जरा' के निर्माण को पूरी तरह से रोक दिया है। फिल्म 2 साल के लिए ठंडे बस्ते में चली गई है। फरहान अब आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म 'चैंपियन' करेंगे और उसके बाद 'डॉन 3' का निर्देशन करेंगे, जिसमें शाहरुख खान की जगह रणवीर सिंह नजर आ सकते हैं। इसके अलावा उनकी फिल्म 'गैंगस्टर' की घोषणा भी जल्द हो सकती है।

जानकारी

यह है फिल्म की कहानी

एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही 'जी ले जरा' में 3 महिलाओं की दोस्ती की कहानी को दिखाया जाएगा, जो रोड ट्रिप पर जाएंगी। यह फिल्म 'दिल चाहता है' और 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' की तरह होगी, जो खुलकर जीना सिखाएगी।

वर्कफ्रंट

अनुष्का और प्रियंका की आगामी परियोजनाएं

अनुष्का भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी के जीवन पर बनी फिल्म 'चकदा एक्सप्रेस' में नजर आने वाली हैं। अभिनेत्री इस फिल्म के जरिए काफी समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। यह फिल्म सिनेमाघरों की बजाए सीधे नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी। प्रियंका हाल ही में 'लव अगेन' और वेब सीरीज 'सिटाडेल' में नजर आई थीं। अब अभिनेत्री 'सिटाडेल' के दूसरे भाग की तैयारी में जुट गई हैं, जिसके लिए ही उनके 'जी ले जरा' छोड़ने की खबरें हैं।