LOADING...
शाहरुख खान-फराह खान की ब्लॉकबस्टर जोड़ी तैयार, 'मैं हूं ना 2' से मचेगा धमाल
शाहरुख खान और फराह खान की जोड़ी कर रही वापसी

शाहरुख खान-फराह खान की ब्लॉकबस्टर जोड़ी तैयार, 'मैं हूं ना 2' से मचेगा धमाल

Feb 05, 2026
05:18 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान और निर्देशक फराह खान की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है। फिल्म 'किंग' की शूटिंग के बीच आई इस खबर ने फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है कि फराह ने 'मैं हूं ना 2' के लिए एक जबरदस्त आईडिया खोज निकाला है। सीक्वल में शाहरुख डबल रोल में नजर आ सकते हैं, जो कहानी में रोमांच का नया तड़का लगाएगा।

रिपोर्ट

फराह की स्क्रिप्ट तैयार, शाहरुख के साथ होगी 'मैं हूं ना 2'

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख और उनकी पसंदीदा निर्देशक फराह लगभग 12 साल बाद एक बार फिर साथ आने वाले हैं और ये फिल्म कोई और नहीं बल्कि 'मैं हूं ना 2' है, जिसकी राह प्रशंसक लंबे समय से देख रहे हैं। खबरों की मानें तो फराह काफी समय से 'मैं हूं ना 2' की स्क्रिप्ट पर काम कर रही थीं। अब यह फिल्म शाहरुख खान की अगली फिल्म बनने की दौड़ में सबसे आगे निकल चुकी है।

फिल्में

'हैप्पी न्यू ईयर' के 12 साल बाद होगा बड़ा धमाका

फराह ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत साल 2004 में फिल्म 'मैं हूं ना' से की थी। एक्शन, कॉमेडी और देशभक्ति के अनूठे मेल वाली इस फिल्म को दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया। इस जोड़ी की कामयाबी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 2007 में यह जोड़ी 'ओम शांति ओम' के लिए फिर से साथ आई, जिससे दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में कदम रखा था। शाहरुख-फराह आखिरी बार 2014 में आई फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' के लिए साथ आए थे।

Advertisement

डबल रोल

फैंस के लिए डबल धमाका

2 दशक पहले जिस 'मैं हूं ना' ने दर्शकों का दिल जीता था, अब उसका सीक्वल एक नए अवतार में आकार ले रहा है। फिल्म का दूसरा भाग अपनी पुरानी आत्मा को बरकरार रखते हुए मनोरंजन के स्तर को कई गुना बढ़ा देगा। फराह ने शाहरुख के लिए एक बेहद रोमांचक 'डबल रोल' का कॉन्सेप्ट तैयार किया है। फराह का कॉन्सेप्ट सुनकर शाहरुख खुद भी काफी उत्साहित हैं, क्योंकि उन्हें 2 बिल्कुल विपरीत किरदारों को निभाने का मौका मिलेगा

Advertisement

तैयारी

बॉक्स ऑफिस पर महा-धमाके की तैयारी

'मैं हूं ना' की पहचान देशभक्ति और कॉमेडी रही है। सीक्वल में भी यही जादू बरकरार रहेगा। फिल्म की कहानी भारत पर आए एक नए खतरे के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिसमें भरपूर देशभक्ति देखने को मिलेगी। इससे भी खास बात ये कि इसमें शाहरुख के अलावा दूसरे पुराने कलाकारों के भी लौटने की संभावना है, जो पुरानी यादों को ताजा कर देगी। 'किंग' के बाद शाहरुख अब फराह के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर रिकाॅर्ड तोड़ने की पूरी तैयारी में हैं।

Advertisement