ब्रिटनी स्पीयर्स अब पुनर्वास केंद्र में लेंगी मानसिक उपचार, क्या अब बदलेगी जिंदगी?
हॉलीवुड स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स रिहैब में भर्ती हुई हैं। पुलिस के अनुसार, 4 मार्च को वेंटुरा में ब्रिटनी को तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में रोका गया था। इस ट्रैफिक उल्लंघन के बाद उनकी मानसिक स्थिति और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।
यह घटना उस समय हुई है, जब ब्रिटनी अपनी निजी जिंदगी और परिवार से जुड़े कई गंभीर विवादों और मुश्किलों का सामना कर रही हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं मानसिक तनावों और पारिवारिक उलझनों के कारण उन्होंने पेशेवर मदद लेने और पुनर्वास केंद्र जाने का फैसला किया है।
ब्रिटनी स्पियर्स के प्रतिनिधि बोले- हालात 'अक्षम्य' हैं
ब्रिटनी के प्रतिनिधि ने उनकी इस स्थिति को पूरी तरह से अक्षम्य बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि ब्रिटनी सही कदम उठाएंगी और कानून का पालन करेंगी। प्रतिनिधि ने उम्मीद जताई कि ये ब्रिटनी के जीवन में उन बड़े बदलावों की शुरुआत होगी, जिनकी लंबे समय से जरुरत थी। उन्हें उम्मीद है कि इस मुश्किल समय में ब्रिटनी को जरुरी मदद और सहारा मिल पाएगा। उनके बेटे सीन प्रेस्टन और जेडेन जेम्स उनका समर्थन कर रहे हैं। उनके दूर रहने के दौरान वे थाउजेंड ओक्स स्थित अपने घर में रहने के लिए चले गए हैं। इस व्यवस्था को लेकर ऑनलाइन लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। हालांकि, पिछले उतार-चढ़ाव के बाद अब ब्रिटनी और उनके छोटे बेटे जेडेन के बीच संबंध बेहतर होते दिख रहे हैं।