'दोस्ताना 2' को लगा एक और बड़ा झटका, धर्मा प्रोडक्शंस से अनबन के बाद निर्देशक अद्वैत चंदन ने छोड़ी फिल्म
'दोस्ताना 2' को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। फिल्म के निर्देशक अद्वैत चंदन ने धर्मा प्रोडक्शंस के साथ हुए रचनात्मक मतभेदों के चलते इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया है। वैसे इस फिल्म के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इनसे पहले कॉलिन डी'कुन्हा भी इस प्रोजेक्ट से अलग हो चुके हैं। इस खबर ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में हलचल तेज कर दी है।
'दोस्ताना 2' पर लगा ग्रहण
'दोस्ताना 2' साल 2019 में शुरू हुई थी, जिसमें कार्तिक आर्यन, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य लालवानी लीड रोल में थे, लेकिन फिल्म में लगातार देरी होती रही। खासकर साल 2021 में कार्तिक आर्यन के अचानक जाने के बाद इस साल फिल्म को नए सिरे से शुरू किया गया, जिसमें विक्रांत मैसी, लक्ष्य और मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 सिनी शेट्टी को शामिल किया गया। सिनी शेट्टी इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। इतने बदलावों के बाद भी धर्मा प्रोडक्शंस का कहना है कि वो साल 2008 की पुरानी दोस्ताना की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं।