आदित्य राॅय कपूर और तारा सुतारिया की बनेगी जोड़ी, जानिए क्या होगा फिल्म का नाम
क्या है खबर?
निर्देशक मिलाप जावेरी अपनी अगली फिल्म में आदित्य रॉय कपूर के साथ तारा सुतारिया को ला रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह एक इंटेंस म्यूजिकल लव-स्टोरी होगी, जिसमें दोनों कलाकार पहली बार एक-दूसरे के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। वैरायटी इंडिया के मुताबिक, निर्माताओं ने फिल्म का नामकरण कर दिया है। इसका नाम 'परवाना' रखा गया है। बता दें, जावेरी को 'एक दीवाने की दीवानियत' और 'सत्यमेव जयते' जैसी फिल्मों का निर्देशन के लिए जाना जाता है।
अटकलें
तारा से पहले इस अभिनेत्री का नाम था चर्चा में
शुरुआती रिपोर्टों में कहा जा रहा था कि फिल्म में आदित्य के साथ साउथ अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे नजर आएंगी।
बताया जा रहा था कि वह इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने के लिए तैयार हैं। हालांकि, बाद में इन चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लग गया।
अब आदित्य के साथ तारा का नाम फिल्म के लिए तय हो गया है, जिन्हें आखिरी बार कन्नड़ अभिनेता यश की फिल्म 'टॉक्सिक' में देखा गया था।
सहयोग
इस फिल्म में साथ काम कर चुके जावेरी और तारा
'परवाना' के जरिए जावेरी और तारा दूसरी बार साथ आएंगे। इससे पहले निर्देशक-अभिनेत्री की जोड़ी ने 'मरजावां' (2019) में साथ काम किया था। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य अभिनेता थे।
फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी टी-सीरीज ने अपने कंधों पर उठाई है। इसकी शूटिंग साल के आखिर में शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल, फिल्म से जुड़ी ज्यादा जानकारी गुप्त रखी जा रही है।
आदित्य की बात करें तो उन्हें आखिरी बार 'मेट्रो... इन दिनों' (2025) में देखा गया था।