'आदिपुरुष' से 'विक्रम वेधा' तक, इन फिल्मों में नजर आएंगे सैफ अली खान
सैफ अली खान को बॉलीवुड का 'नवाब' कहा जाता है। वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के बेटे हैं। उनका जन्म 16 अगस्त, 1970 को दिल्ली में हुआ था। फिल्मों के अलावा उन्होंने 'तांडव' और 'सेक्रेड गेम्स' जैसी सीरीज में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। आज (16 अगस्त) वह 52 साल के हो चुके हैं। आइए उनके जन्मदिन पर उनकी आने वाली फिल्मों पर नजर डालते हैं।
आदिपुरुष
'आदिपुरुष' एक बहुप्रतीक्षित फिल्म है, जिसका निर्देशन ओम राउत कर रहे हैं। इसमें साउथ अभिनेता प्रभास के साथ कृति सैनन नजर आएंगी। फिल्म में प्रभास भगवान राम का किरदार अदा करेंगे। वहीं, कृति को माता सीता की भूमिका में देखा जाएगा। खास बात यह है कि इसमें अभिनेता सैफ रावण का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। इस प्रकार वह निगेटिव किरदार में दर्शकों से रूबरू होंगे। फिल्म अगले साल 12 जनवरी को रिलीज होगी।
विक्रम वेधा
सैफ की दूसरी फिल्म 'विक्रम वेधा' है, जिसे बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है। 'विक्रम वेधा' इसी नाम से आई हिट तमिल फिल्म की हिंदी रीमेक है। यह फिल्म अगले साल 30 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। पुष्कर-गायत्री ने फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि भूषण कुमार इसके प्रोड्यूसर हैं। इस फिल्म की शूटिंग समाप्त हो चुकी है। इसमें ऋतिक रोशन गैंगस्टर का किरदार निभा रहे हैं, वहीं सैफ एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे।
गो गोवा गॉन 2
'गो गोवा गॉन' 2013 में रिलीज हुई थी। कृष्णा डीके और राज निदिमोरु ने फिल्म का निर्देशन किया था। सैफ ने खुद बताया था कि इस फिल्म के लिए उन्होंने कोई फीस नहीं ली थी। अब वह इसके दूसरे भाग 'गो गोवा गॉन 2' में नजर आने वाले हैं। इसमें उनके साथ अभिनेत्री राधिका मदान दिखाई देंगी। फिल्म के निर्देशन की कमान एक बार फिर राज और डीके की जोड़ी संभालने वाली है।
एसेसिनेशन ऑफ होमी भाभा
ऐसी चर्चा है कि सैफ मशहूर वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा की बायोपिक फिल्म में मुख्य किरदार निभाएंगे। फिल्म 1960 के दशक में हुई होमी भाभा की रहस्यमयी मौत की घटना को दर्शाएगी। खबरों की मानें तो रिलायंस एंटरटेनमेंट ने फिल्म का टाइटल 'एसेसिनेशन ऑफ होमी भाभा' रखा है। इस फिल्म का निर्देशन विक्रमजीत सिंह कर सकते हैं। बता दें कि होमी भाभा को भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम का जनक माना जाता है।