सुनैना ने की AI से बने अश्लील वीडियो की निंदा, जल्द करेंगी कानूनी कार्रवाई
अभिनेत्री सुनैना ने एक AI-जेनरेटेड अश्लील वीडियो को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके साफ बताया है कि इस वीडियो में उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
सुनैना ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस वीडियो को बनाने और इसे साझा करने वाले लोगों के खिलाफ वो कानूनी कार्रवाई करेंगी।
सुनैना ने क्लिप को यौन उत्पीड़न और मानहानि बताया
सुनैना ने इस वीडियो क्लिप को अपनी गरिमा, निजता और पहचान पर सीधा हमला बताया है। उनका कहना है कि भारतीय कानून के हिसाब से यह यौन उत्पीड़न और मानहानि की श्रेणी में आता है।
उन्होंने जानकारी दी है कि वह इस मामले में आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मुकदमे दर्ज कराएंगी। सुनैना ने आम जनता से भी अपील की है कि इस क्लिप को आगे शेयर न करें।
अगर किसी को यह वीडियो ऑनलाइन दिखे, तो उसे तुरंत रिपोर्ट करें ताकि इसे और फैलने से रोका जा सके।