'गोलमाल 5' में हुई इस अभिनेत्री की एंट्री, रोहित शेट्टी ने कसी कमर
क्या है खबर?
निर्देशक रोहित शेट्टी ने 'गोलमाल' फ्रैंचाइजी के जरिए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। 4 सफल किस्तें बनाने के बाद वह 5वीं किस्त में जुट गए हैं, जिसमें अक्षय कुमार के जुड़ने की खबर ने फैंस को अभी से उत्साहित कर दिया है। इस बीच, 'गोलमाल 5' को लेकर 2 बड़ी खबरें आई हैं जो लोगों की खुशी को सांतवें आसमान पर ले जाएंगी। दरअसल, फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसमें नई अभिनेत्री शामिल हो गई है।
अपडेट
मुंबई में शुरू हुई 'गोलमाल 5' की शूटिंग
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्देशक रोहित ने मुंबई में चुपचाप 'गोलमाल 5' की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म के पहले शेड्यूल में ज्यादातर मुख्य कलाकार मौजूद थे, जबकि अजय देवगन 25 फरवरी से शामिल हो सकते हैं। खबर यह भी है कि कलाकारों की टोली में एक नया नाम शामिल हुआ है जो महिला सदस्य के रूप में दिखाई देगा। यह कोई और नहीं, बल्कि प्रियामणि हैं जिन्हें 'फैमिली मैन' सीरीज से खूब लोकप्रियता मिली थी।
किरदार
प्रियामणि के किरदार को रखा गया गुप्त
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म में प्रियामणि के किरदार को फिलहाल गुप्त रखा गया है, लेकिन उन्होंने अपने हिस्से की शूटिंग शुरू कर दी है। शूटिंग का शेड्यूल करीब 1 महीने तक चलने की उम्मीद है। बता दें कि 'गोलमाल 5' में अजय के अलावा, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े वापसी कर रहे हैं। वहीं जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कालसेकर भी अपनी पुरानी शैली में लौटेंगे। हालांकि, करीना कपूर इसका हिस्सा नहीं होंगी।