मनाेज बाजपेयी की फिल्म 'गवर्नर' से दर्शकों का दिल जीतने आ रहीं मधु, जानिए क्या कहा
अभिनेत्री मधु जून के महीने में 2 नई फिल्मों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही हैं। इनमें से उनकी पहली फिल्म 'गवर्नर' है, जो 12 जून को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वो दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ नजर आएंगी।
फिल्म में अपने रोल को लेकर मधु काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया, "इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए एक जादुई अनुभव की तरह रहा। फिल्म में मेरा रोल भले ही बहुत लंबा न हो, लेकिन ये एक बेहद प्यारा, महत्वपूर्ण, रोमांटिक और खास किरदार है।" मधु का मानना है कि पर्दे पर उनका स्क्रीन टाइम भले ही कम हो, लेकिन कहानी के लिहाज से उनका यह किरदार बहुत मायने रखता है।
इस फिल्म ने बदल दी मधु की जिंदगी
मधु की दूसरी फिल्म 'चिन्ना चिन्ना आसई' 18 जून को रिलीज होगी। ये फिल्म उनके लिए बेहद खास है। मधु इसे हर मायने में जीवन को बदल देने वाली बताती हैं। मधु ने काशी और बनारस में एक महीने तक इस फिल्म की शूटिंग की, जिसने उनके अनुभव को और भी यादगार बना दिया। उन्होंने गोविंद वसंत के संगीत की भी जमकर तारीफ की है। उनके मुताबिक, उनका संगीत ईश्वरीय है और यह फिल्म में जान डाल देता है।