'रामायण' के VFX पर यश का करारा जवाब- ये तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है
नीतेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का पहला लुक 2 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में दिखाई दिए थे। हालांकि, रणबीर का लुक दर्शकों को बहुत पसंद आया, लेकिन फिल्म के VFX को लेकर काफी आलोचना हुई। इसे देखते हुए कुछ लोग इसकी तुलना 'आदिपुरुष' से करने लगे थे। फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश ने लॉस एंजेलिस के सिनेमाकॉन में इस बारे में बात की। उन्होंने सबको भरोसा दिलाया कि वी एफ एक्स का काम अभी पूरा नहीं हुआ है और फाइनल फिल्म में यह कहीं ज़्यादा बेहतर दिखेगा।
'रामायण' का पहला भाग 30 अक्टूबर को आएगा
जानकारी के मुताबिक, 'रामायण' दो हिस्सों में रिलीज होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका पहला भाग 30 अक्टूबर 2026 को आएगा। वहीं, दूसरा भाग दिवाली 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगा। फिल्म में कलाकारों की एक शानदार टीम है, जिसमें साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाते नजर आएंगे। शुरुआती आलोचना के बाद भी, फिल्म की टीम का कहना है कि वे पूरी लगन से काम कर रहे हैं, ताकि त्योहारों के सीज़न में जब फिल्म सिनेमाघरों में आए, तो दर्शकों को एक बेहतरीन अनुभव मिल सके।