यश ने की 'रामायण' में रणबीर कपूर के किरदार की तारीफ, कही ये बात
आने वाली फिल्म 'रामायण' में रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता यश ने अपने सह-कलाकार रणबीर कपूर के लिए दिल छू लेने वाली बातें कहीं।
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में बातचीत के दौरान यश ने भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर की लगन और समर्पण की खूब तारीफ की।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे पवित्र किरदार को निभाने के लिए कितनी विनम्रता होनी चाहिए। यश ने कहा, 'इस दुनिया में कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि मुझमें भगवान राम का किरदार निभाने के सभी गुण हैं। जब रणबीर ने खुद कहा कि 'मैं यह नहीं कर सकता', तो यह बात ही बहुत कुछ कह जाती है।'
यश ने 'रामायण' दिवाली 2026 का प्रीव्यू दिया
यश ने आगे कहा कि जब यह फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में उतरेगी, तो दर्शकों को एक सुंदर राम देखने को मिलेगा, जो बड़े इरादे और महान त्याग की भावना से भरा होगा। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में साईं पल्लवी सीता के किरदार में दिखेंगी।
'रामायण' का दूसरा भाग 2027 में रिलीज होगा। वहीं रावण का किरदार निभाने के बारे में यश ने बताया कि यह उनके लिए एक अनोखी चुनौती है। वे इसमें पौराणिक सच्चाई और कुछ नयापन लाने के बीच संतुलन बना रहे हैं और अपने प्रशंसकों को उनका यह नया अंदाज दिखाने के लिए बहुत उत्साहित हैं।