राम-रावण का महासंग्राम, यश ने बताया क्यों खास है नितेश तिवारी की 'रामायण'
सुपरस्टार यश ने हाल ही में अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर गहरी भावनाएं व्यक्त की हैं, जिसमें वह रावण के शक्तिशाली किरदार में नजर आएंगे। सिनेमाकॉन में उन्होंने इस महाकाव्य को 'मानवता की कहानी' करार देते हुए कहा कि इसने हजारों वर्षों से हमारी संस्कृति को संवारा है।
'कोलाइडर' से बातचीत में यश ने रणबीर कपूर के भगवान राम वाले किरदार की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यात्रा गरिमा और धैर्य की मिसाल है, जिससे हर कोई जुड़ाव महसूस करेगा। ये फिल्म दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
यश ने की 'रामायण' की जोरदार तैयारी पर बात
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो हिस्सों वाली एक बड़ी फिल्म है, जिसके निर्माण में काफी मेहनत और बड़े इंतजाम की जरूरत पड़ रही है। यश ने बताया कि फिल्म के हाई-टेक तरीकों के लिए लंबी रिहर्सल और घंटों तक चलने वाले हेयर और मेकअप सेशन करने पड़ रहे हैं। इन सब मुश्किलों के बावजूद, उन्होंने कहा कि उन्हें यह पूरा काम बहुत पसंद आ रहा है। यश का कहना है कि इस कहानी का मकसद हर जगह के दर्शकों से जुड़ना है।